मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पंचायत सचिवों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि पंचायत सचिवों की सेवा आयु सीमा बढ़ाकर 62 वर्ष कर दी गई है। उन्हें सातवें वेतनमान का लाभ दिया जाएगा और विशेष भत्ता भी मिलेगा। सेवाकाल के दौरान पंचायत सचिव की मृत्यु होने पर परिवार को दी जाने वाली 1.5 लाख रुपये की सहायता राशि अनुकंपा नियुक्ति के बाद वापस नहीं ली जाएगी। साथ ही वेतनमान और अन्य सेवा शर्तों पर विचार के लिए समिति गठित की जाएगी। मुख्यमंत्री शुक्रवार को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित प्रदेश स्तरीय पंचायत सचिव सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सच्चे अर्थों में भारत की आत्मा गांवों में बसती है और देश का विकास तभी संभव है, जब गांव मजबूत और समृद्ध होंगे। इसी सोच के साथ राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में भी उद्योग और विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।