राजधानी भोपाल में कथित लव जिहाद से जुड़े मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए क्लब 90 रेस्टोरेंट के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया। सोमवार को यह कार्रवाई राष्ट्रीय महिला आयोग की तीन सदस्यीय टीम के निरीक्षण के बाद की गई, जो तीन दिनों से मामले की जांच में जुटी थी। जानकारी के अनुसार, यह क्लब हथाईखेड़ा डेम की लीज पर दी गई भूमि पर संचालित हो रहा था। नगर निगम से ओपन रेस्टोरेंट के लिए अनुमति ली गई थी, लेकिन यहां अवैध रूप से निजी केबिन बनाए गए थे। इन्हीं केबिनों में युवतियों को ले जाकर उनके साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग जैसी घटनाएं अंजाम दी जाती थीं।
कथित तौर पर क्लब 90 में युवतियों को बहलाकर ले जाया जाता था और फिर उनके साथ निजी केबिनों में शारीरिक शोषण किया जाता था। इस दौरान उनके वीडियो बनाए जाते थे, जिन्हें बाद में ब्लैकमेलिंग के लिए इस्तेमाल किया जाता था। इन घटनाओं में शामिल होने के आरोप में फरहान खान, सैयद अली, साहिल और साद नाम के चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ जारी है। राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा गठित जांच दल ने 3 से 5 मई के बीच भोपाल का दौरा किया। जांच टीम ने मंगलवार सुबह क्लब 90 का निरीक्षण किया और अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी। इसके तुरंत बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए क्लब के अवैध हिस्से को सील कर दिया और बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया।