विश्व पर्यावरण दिवस पर अनुनय एजुकेशन संस्था ने पौधारोपण किया
- फोटो : अमर उजाला
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अनुनय एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी ने भोपाल के मुगलिया छाप स्थित सोमा फार्म्स में 100 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। संस्था के बच्चों ने फलदार और औषधीय पौधे लगाकर न केवल हरियाली बढ़ाने की पहल की, बल्कि पर्यावरण के महत्व को भी गहराई से समझा। संस्था की अध्यक्ष माही भजनी ने बताया कि अनुनय संस्था पिछले 14 वर्षों से वंचित वर्ग के बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण दिवस सिर्फ एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि हर दिन पेड़-पौधों और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का एहसास है। इस अवसर पर वैष्णवी, निकिता, आरती सहित कई बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में संस्था की सदस्य सोमा राजे, सह-सचिव अनुराग द्विवेदी, नीरजा विश्वकर्मा और कुलदीप पारख भी उपस्थित रहे।
बच्चों को दी गई पर्यावरण शिक्षा
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण दिवस 2025 की थीम के अनुरूप बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता की रक्षा और प्लास्टिक के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि सिंगल यूज प्लास्टिक का कम-से-कम प्रयोग करना जरूरी है ताकि धरती को प्रदूषण से बचाया जा सके।
संस्था हर वर्ष करती है पौधारोपण
संस्था हर साल पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करती है। वर्ष 2024 में भी संस्था ने महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया की उपस्थिति में 2000 पौधों का रोपण किया था। इस वर्ष भी संस्था ने पौधारोपण के साथ-साथ बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और जागरूकता का बीजारोपण किया है।