शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि मंत्री
- फोटो : ANI
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में किसानों को हित की बात करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी कीमत पर कृषि उपज आयात के संबंध में अमेरिका के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा है कि किसानों की कीमत पर कोई समझौता नहीं होगा। उनके हितों की रक्षा की जाएगी।
दरअसल, भारत और अमेरिका के बीच रिश्ते उस समय तनावपूर्ण हो गए जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय सामानों पर टैरिफ को दोगुना कर 50 प्रतिशत कर दिया, जिसमें भारत द्वारा रूस से कच्चा तेल खरीदने के बाद 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क भी शामिल था।
ये भी पढ़ें- सीएम ने क्षतिग्रस्त फसलों के लिए 17500 किसानों के खातों में 20 करोड़ की राहत राशि ट्रांसफर की
सवालों का जवाब देते हुए चौहान ने विपक्ष के इस आरोप को खारिज कर दिया कि ट्रंप की टैरिफ नीति के कारण जीएसटी ढांचे में बदलाव करना पड़ा। उन्होंने कहा कि विपक्ष भारत में होने वाले हर अच्छे काम के पीछे ट्रंप को देखते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया को दिखा दिया है कि देश का हित उनके लिए सर्वोपरि है और इस पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि हमारे किसानों, मुर्गीपालकों, मछुआरों और गरीबों के हितों की रक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत अपने फैसले खुद लेता है। 25 अगस्त को चौहान ने यहां एक समारोह में कहा था कि सरकार ने भारतीय किसानों के हित में अमेरिकी कृषि उपज के आयात की अनुमति देने की मांग का विरोध किया।