प्रदेश में खाद की किल्लत और वितरण केंद्रों पर किसानों की लंबी कतारों के बीच कृषि मंत्री एंदल सिंह कंषाना ने अजीब बयान दिया है। मंत्री ने खाद वितरण केंद्रों पर हो रहे हंगामे और वायरल हो रहे वीडियो को पूर्व नियोजित साजिश करार दिया। उनका कहना है कि किसानों को गुमराह करने के लिए जानबूझकर ऐसे हालात बनाए जा रहे हैं। भोपाल में मोहन सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर कृषि विभाग की उपलब्धियों को लेकर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान जब मंत्री से खाद वितरण में अव्यवस्था और किसानों को खाद नहीं मिलने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने बेतूका बेतुका बयान दिया। मंत्री ने कहा कि आप सभी जानते हैं कि ये वीडियो कैसे बनाए जाते हैं। भीड़ में चार-पांच लोगों को जानबूझकर घुसाया जाता है, जो हंगामा करते हैं, धक्का-मुक्की होती है और कभी-कभी थप्पड़ तक की नौबत आ जाती है। यह सब पहले से तय होता है। कृषि मंत्री ने इसे किसानों को भ्रमित करने की साजिश बताते हुए कहा कि सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।