भोपाल में आठवीं कक्षा की 15 साल की छात्रा को बस ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। हादसे के वक्त छात्रा का छोटा भाई भी साथ था, जिसे मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद बस ड्राइवर स्वयं थान पहुंच गया। घटना रविवार रात की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि मुस्कान खान पुत्री नजीर खान (15) निवासी एहसान नगर करोंद प्राइवेट स्कूल में आठवीं कक्षा की पढ़ाई कर रही थी। उसके पिता नजीर ने बताया कि बेटी रविवार रात को चाउमीन खाने के लिए मेन रोड की तरफ गई थी। उसके साथ उनका छोटा बेटा अयान भी गया था। घटना रविवार रात करीब 8.30 बजे की है। दोनों चाउमीन खाने के बाद लौट रहे थे। सागर गैरे के पास यूटर्न लेते समय तेज रफ्तार बस ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। जिससे मुस्कान बस के अगले पहिये के नीचे आ गई और उसकी छाती पहिए के नीचे फंस गई। हादसे के बाद एक व्यक्ति ने अपनी कार से मुस्कान को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन पीपुल्स अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छोटे भाई को मामूली चोट
मुस्कान के पिता नजीर खान ने बताया कि हादसे के दौरान उनके बेटे अयान को मामूली चोट आई, क्योंकि वह टक्कर के बाद स्कूटी से उछलकर दूर जा गिरा। हालांकि मुस्कान को गंभीर चोटें आईं और बस के अगले पहिये के नीचे आकर उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के समय बस की गति तेज थी, जिससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद बस चालक ने खुद थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया।
परिवार पर दुख का पहाड़
नजीर खान, जो मूल रूप से सिलवानी के निवासी हैं और भोपाल में ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि वह और उनकी पत्नी दोनों ही बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए भोपाल आए थे। इस हादसे के बाद परिवार में गम का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।