एक बार फिर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व यानी पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह तथा पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चौंका दिया। सोमवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में तमाम कयासों के विपरीत उज्जैन दक्षिण से विधायक डॉ. मोहन यादव को प्रदेश का नया मुख्यमंत्री चुन लिया गया। भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में भाजपा नेतृत्व ने नए मुख्यमंत्री के रूप में मोहन यादव के नाम का एलान किया। हालांकि, उनके नाम का विधिवत प्रस्ताव मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पेश किया, जिसका समर्थन बैठक में मौजूद सभी विधायकों ने किया।
बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक व हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. लक्ष्मण, पार्टी की राष्ट्रीय सचिव आशा लाकड़ा उपस्थित रहीं। बैठक के शुभारंभ के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष व सांसद वीडी शर्मा ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों, बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं एवं नवनिर्वाचित विधायकों का स्वागत किया। इसके बाद केंद्रीय पर्यवेक्षक मनोहरलाल खट्टर ने प्रस्तावना रखी। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधायक डॉ. मोहन यादव का नाम विधायक दल के नेता के लिए प्रस्तावित किया। मुख्यमंत्री के इस प्रस्ताव का अनुमोदन वरिष्ठ नेता नरेंद्रसिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, वरिष्ठ नेता गोपाल भार्गव, तुलसी सिलावट ने किया। विधायकों की सर्व सहमति से मोहन यादव को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। इसके बाद मोहन यादव ने खड़े होकर सबके हाथे जोड़े।
दो डिप्टी सीएम भी होंगे
मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ से विधायक एससी वर्ग के जगदीश देवड़ा और रीवा सीट से सामान्य वर्ग से आने वाले विधायक राजेंद्र शुक्ला उप मुख्यमंत्री बनेंगे। वहीं, दिमनी से विधायक नरेंद्र सिंह तोमर विधानसभा अध्यक्ष होंगे। हालांकि, अभी इनके नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
यादव बोले- आपकी जिम्मेदारी को पूरा करने का प्रयास करूंगा
नव निर्वाचित विधायक दल के नेता डॉ. मोहन यादव ने उपस्थित विधायकों को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तथा उपस्थित विधायकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मैं केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं कि मेरे जैसे छोटे से कार्यकर्ता को यह जो जवाबदारी दी है, वह आपके प्यार, सहयोग से मैं पूरी करने का प्रयास करूंगा।
शिवराज ने सौंपा इस्तीफा, यादव ने पेश किया सरकार बनाने का दावा
नए सीएम के नाम के एलान के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सीधे राजभवन पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल मंगुभाई पटेल को सीएम पद से अपना इस्तीफा सौंपा। उनका इस्तीफा तत्काल मंजूर हो गया। उन्होंने नए सीएम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश को नया सीएम मिल गया है। उनको बहुत बहुत बधाई। इसके बाद डॉ. मोहन यादव राजभवन पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
यादव 13 दिसंबर को लेंगे शपथ
नए सीएम मोहन यादव 13 दिसंबर को शपथ ले सकते है। यह कार्यक्रम मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होगा। इसमें कुछ मंत्री भी शपथ ले सकते है। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे होगा। कार्यक्रम में भाजपा के दिग्गज नेता शामिल होंगे।
विधायक दल से पहले दिग्गजों की बैठक हुई
कार्यालय में भाजपा विधायक दल की बैठक से पहले वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, पर्यवेक्षक, तीनों केंद्रीय पर्यवेक्षक, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा इसमें शामिल हुए।
बैठक से पहले विधायकों का सामूहिक फोटो
विधायक दल की बैठक से पहले भाजपा के विधायकों का सामूहिक फोटोग्राफी हुई। इसके लिए गार्डन में मंच मनाया गया था। इसके पहले भाजपा कार्यालय आने पर विधायकों का पंजीयन कराया गया। उनका तिलक लगातार स्वागत किया गया। सामूहिक फोटोग्राफी के बाद विधायक दल की बैठक शुरू हुई। फोटो सेशन में मोहन यादव तीसरी पंक्ति में बैठे थे।
अंदर बैठक, बाहर शिवराज, प्रहलाद समर्थकों की नारेबाजी
विधायक दल की बैठक के पहले भी भाजपा कार्यालय से मीडिया समेत अन्य लोगों को बाहर कर दिया गया। बैठक के दौरान सिर्फ विधायक और कुछ वरिष्ठ नेताओं को भी अंदर प्रवेश की अनुमति थी। इस दौरान बड़ी संख्या में शिवराज सिंह चौहान, प्रहलाद पटेल, नरेंद्र सिंह तोमर के समर्थक गेट के सामने पहुंच गए। उनके हाथों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, शिवराज सिंह चौहान, प्रहलाद पटेल की फोटो थी। वह अपने अपने नेता के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे, 'आंधी नहीं तूफान है, शिवराज सिंह चौहान है।'
यादव के बंगले पर जश्न
मोहन यादव को नया मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद उनके बंगले पर जश्न का माहौल हो गया। कार्यकर्ता और समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की। कार्यकर्ता ढोलक की थाप पर जमकर थिरके।