मेडिकल साइंस यूनिवर्सिटी जबलपुर
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश की जबलपुर स्थित मेडिकल साइंस यूनिवर्सिटी अपनी लेट लतीफी के लिए जानी जाती है। यहां छात्रों की ना तो समय पर परीक्षा ली जाती है ना ही समय पर परिणाम दिए जाते हैं। मेडिकल साइंस यूनिवर्सिटी का एकेडमिक कैलेंडर हमेशा पिछड़ा रहता है। पहले तो परीक्षाएं समय पर नहीं होती, यदि परीक्षा समय पर हो भी जाएं तो उनके रिजल्ट समय पर नहीं आ पाते। अब इसके लिए यूनिवर्सिटी ने नया प्लान तैयार किया है। इसके अनुसार यूनिवर्सिटी अब कॉलेजों में डिजिटल वैल्यूएशन सिस्टम डेवलप करेगी। जिससे परीक्षा के दौरान ही या फिर परीक्षा होते ही मूल्यांकन हो सके और समय पर रिजल्ट घोषित किए जा सकें। इस संबंध में यूनिवर्सिटी ने निर्णय ले लिया है। इस सिस्टम को डेवलप करने के लिए एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। खास बातें है कि डिजिटल मूल्यांकन कराने वाली मेडिकल साइंस यूनिवर्सिटी प्रदेश की पहली यूनिवर्सिटी है।
प्रदेश भर में नोडल केंद्र बनाएगी यूनिवर्सिटी
मेडिकल साइंस यूनिवर्सिटी द्वारा रिजल्ट समय पर घोषित नहीं हो पाते। जिसका असर हजार छात्रों पर पड़ता है। इसको देखते हुए।यूनिवर्सिटी अब प्रदेशभर में नोडल सेंटर बनाएगी। इसके बाद यूनिवर्सिटी अपने जबलपुर स्थित कैंपस में मूल्यांकन के लिए कॉपी नहीं बुलाएगी। इसके लिए यूनिवर्सिटी ने 27 कॉलेजों को चिह्नित किया है। इन सेंटर पर ही कॉपियों को स्कैन करने का सिस्टम भी रहेगा। 20-20 कंप्यूटर सिस्टम और इंटरनेट आदि की व्यवस्था की जाएगी। जिससे मूल्यांकनकर्ता यही से मूल्यांकन कर सकेंगे। इस नई व्यवस्था के लिए यूनिवर्सिटी टेंडर के माध्यम से एजेंसी का चयन करेगी। विवि प्रशासन का कहना है जल्द ही यह सुविधा डेवलप हो सकेगी। इससे मेडिकल, डेंटल, नर्सिंग, आयुष आदि सभी कोर्सेस के छात्रों को लाभ मिलेगा।
विश्वविद्यालय का सराहनीय कार्य
नीम छात्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हरेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा है कि 27 सेंटर बनाए जाना जिनमें कॉपियां स्कैन होगी एवं मूल्यांकन किया जाएगा। यह विश्वविद्यालय का सराहनीय कार्य है। इससे मूल्यांकन जल्दी होगा और छात्रों के जो सत्र विलंब से चल रहे हैं उन्हे समय पर लाने का प्रयास किया जाएगा एवं इस प्रकार की प्रक्रिया से आगे जो नई बैच आ रही है उनके सत्र समय पर चलेंगे। उन्होंने कहा संगठन हमेशा से छात्रों के हित के लिए काम कर रहा है। छात्रों की समय पर परीक्षाएं हो जाए और उनका रिजल्ट समय पर आ जाए यही सबसे बड़ी उपलब्धि है।