मध्य प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) भी जोर लगा रही है। प्रदेश में जल्द ही आप के बड़े नेताओं की रैली और जनसभा आयोजित होगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी मध्य प्रदेश में आम सभाओं को संबोधित करेंगे। पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करेंगे।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह ने बताया कि प्रदेश में एक से चार जुलाई के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रदेश में पार्टी के प्रत्याशियों के लिए रोड शो और सभा करेंगे। सिंगरौली में आम आदमी पार्टी की महापौर प्रत्याशी रानी अग्रवाल के पक्ष में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रोड शो करेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया का भी ग्वालियर दौरा प्रस्तावित है। हालांकि, अभी तारीख तय नहीं है।
पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह दो दिवसीय दौरे पर तीन जुलाई को इंदौर आएंगे। यहां पर वह रोड शो और जनसभा को संबोधित करेंगे। सिंह उज्जैन भी जाएंगे। पार्टी की विधायक आतिशी मारलेना एक जुलाई को भोपाल में रोड शो और जनसभा करेंगी। तीन जुलाई को दिल्ली के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम इटारसी और होशंगाबाद में रोड शो और जनसभा को संबोधित करेंगे। एक और दो जुलाई को दिल्ली के जंगपुरा से विधायक प्रवीण देशमुख भी भोपाल में अपने पार्टी के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेंगे।
14 महापौर प्रत्याशी उतारे हैं चुनावों में
आम आदमी पार्टी के 16 में से 14 जगह महापौर प्रत्याशी मैदान में हैं। भोपाल में प्रत्याशी ने अपना नाम वापस ले लिया है। जबलपुर में तकनीकी त्रुटि के कारण नामांकन निरस्त होने के कारण प्रत्याशी चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश में आम आदमी पार्टी के दो हजार के करीब पार्षद प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। पंकज सिंह का कहना है कि आम आदमी पार्टी प्रदेश में जनता को मजबूत विकल्प प्रदान करने का प्रयास कर रही है। भाजपा और कांग्रेस अदल-बदलकर शासन कर रही हैं। हम दिल्ली में अच्छा काम कर रहे हैं। इसका मध्य प्रदेश को भी फायदा होगा।