कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने सोमवार को मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे ही हिंदुओं के त्यौहारों की शुरुआत होती है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महंगाई की सौगात दे देते हैं। मध्य प्रदेश में जनता महंगाई के बोझ से दबी हुई है। पेट्रोल-डीजल 100 रुपए प्रति लीटर के पार है। नायक ने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री लाडली बहनों को 450 रुपए में सिलेंडर देने की बात करते हैं, तो दूसरी तरफ केंद्र की भाजपा सरकार कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 209 रुपए बढ़ा दी है। नायक ने कहा कि इससे यह साबित किया जा रहा है कि शिवराज जी की घोषणा सिर्फ चुनावी जुमला है।
भ्रम फैलाना बंद करें
उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार से पूछा कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल कौन करता है? नायक ने कहा कि प्रदेश में 21 लाख छोटे व्यवसाय चलाने वाला व्यक्ति, रेहड़ी-ठेला-खोमचे चलाने वाला व्यक्ति, ढाबा-होटल चलाने वाला व्यक्ति कमर्शियल गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करते है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछते हुए कहा कि आपकी छोटे व्यापारियों से क्या दुश्मनी है स्पष्ट करें या फिर यह भ्रम फैलाना बंद करें कि कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाने से आम आदमी पर असर नहीं पड़ेगा।
15 प्रतिशत लाभार्थी ने दोबारा गैस भरवायी
नायक ने कहा कि मध्य प्रदेश में रसोई गैस सिलेंडर शो पीस बन कर रह गया हैं। केवल 15 प्रतिशत लाभार्थी ऐसी हैं, जिन्होंने दोबारा गैस भरवायी। 85 प्रतिशत गैस सिलेंडर और चूल्हे रसोई के कोने में पड़े धूल फांक रहे हैं। राजधानी भोपाल तक में केवल 30 प्रतिशत ‘लाभार्थी’ सिलेंडर का इस्तेमाल कर पा रहे हैं।
उज्जवला के नाम पर हो रहे घोटाले
नायक ने कहा कि मप्र की संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर गैस के बढ़े दाम का ठीकरा भी महिलाओं पर फोड़ रही हैं। उन्होंने कहा मंत्री कहती हैं कि जो महिलाएं गैस सिलेंडर का प्रयोग नहीं करती हैं, वो सुसंस्कृत नहीं हैं। उन्हें अच्छी आदते नहीं हैं। नायक ने आरोप लगाया कि उज्जवला के नाम पर घोटाले चल रहे हैं। जिन लाभार्थियों ने खुद एजेंसी पर जाकर लाभ नहीं मांगा उनके नाम पर महीनों से फर्जी गैस कनेक्शन जारी हैं। टंकी रिफिल की जा रही है। कहीं पंजीयन नहीं है, कहीं नाम ट्रांसफर नहीं हो रहा है, कहीं महिलाएं रिफिल फॉर्म हाथ में लेकर पंचायत के चक्कर काट रही हैं। नियमों में उलझ कर रह गई है।