प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सोशल मीडिया पोस्ट कर शिवराज सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मनरेगा के तहत मजदूरों को मजदूरी न मिलने का मामला उठाया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि मध्यप्रदेश में करीब 10 हफ्ते से मनरेगा में काम करने वाले श्रमिकों को उनकी मजदूरी नहीं मिली है। त्योहार के मौसम में मजदूरों के साथ इस तरह का व्यवहार अमानवीय है। मैं शिवराज जी से जानना चाहता हूं कि उनकी सरकार लगातार कर्ज लेती रही है और आचार संहिता के दौरान भी कर्ज लेने की तैयारी चल रही है। जब लाखों मनरेगा श्रमिकों को उनकी मजदूरी नहीं दी जा सकती तो आखिर यह कर्ज किस चीज के लिए लिया जा रहा है। शिवराज जी गरीबों के मुंह से निवाला छीनने से बड़ा पाप और कुछ नहीं है। मैं माननीय निर्वाचन आयोग से भी आग्रह करता हूं कि आचार संहिता के बावजूद श्रमिकों की मजदूरी का भुगतान किया जाए, यह उनका अधिकार है।
सोशल मीडिया वॉर
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के नेताओं का एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप जारी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ सोशल मीडिया पोस्ट कर भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं। जवाब में बीजेपी भी कांग्रेस और कमलनाथ पर हमला बोल रही है। इससे पहले भी कमलनाथ कई मुद्दे एक्स पर पोस्ट कर उठा चुके हैं। जिन पर बीजेपी और शिवराज सिंह दोनों ने पटल जवाब भी दिया है।
‘अपनी गलती का अफसोस करिए’
कमलनाथ ने सोशल मीडिया एक्स पर एक अन्य पोस्ट कर सीएम शिवराज सिंह पर तंज कसा है। उन्होंने लिखा कि शिवराज जी आपकी झूठ की मशीन ने पूरे मध्यप्रदेश को तबाह कर दिया है। 18 साल से पूरे प्रदेश में घूम-घूम कर आप झूठ की फसल उगा रहे हैं। इस समय आपने झूठ के साथ फरेब और धोखाधड़ी भी शुरू कर दी है। पार्टी ने तो पहले ही आपको घर बैठा दिया है, जल्द ही मध्यप्रदेश की जनता भी आपकी विदाई करने वाली है। इसलिए दूसरों को कोसने से अच्छा है, अपनी गलतियों का अफसोस करिए और अपने अपराधों का प्रायश्चित करिए।