भाजपा प्रत्याशियों की बिगड़ रही सेहत
- फोटो : अमर उजाला
चुनावी गर्मी और बदलते मौसम का असर प्रत्याशियों की सेहत पर साफ देखा जा रहा है। हर मतदाता तक वोटिंग से पहले पहुंचने की चिंता और हार जीत का तनाव प्रत्याशियों को बीमार कर रहा है। आधा दर्जन प्रत्याशी अब तक ऐसे हैं जो बीमार पड़ चुके हैं। इनमें से कई की हालत तो इतनी नाजुक हो गई कि उन्हें दिल्ली एयर लिफ्ट करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह तोमर, जजपाल जज्जी, करण सिंह वर्मा और उमाकांत शर्मा की तबीयत बीच चुनाव में खराब हो चुकी है। वहीं केंद्रीय मंत्री व नरसिंहपुर से प्रत्याशी प्रह्लाद पटेल दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। ऐसे में इन प्रत्याशियों के परिजन और समर्थकों ने प्रचार की कमान संभाल रखी है।
सिंधिया ने करवाया एयर लिफ्ट
इधर एक सभा में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि मुझे सूचना मिली कि अशोकनगर के भाजपा प्रत्याशी जजपाल सिंह की तबियत खराब है तो मैंने तुरंत एयर एम्बुलेंस भेजकर उन्हें दिल्ली बुलवाया लिया और अपने डॉक्टर से दिखाया। मेरा ये सदैव से मानना है कि अगर मेरी जनता और मेरे बीच परिवार का रिश्ता है तो मेरी जनता का इलाज भी वही डॉक्टर करे जो मेरा इलाज कर रहा है।
बीमारी के कारण बदला टिकट
बता दें, भाजपा ने बालाघाट सीट से पहले मौसम बिसेन को टिकट दिया था लेकिन बाद में उनकी तबियत खराब हो जाने के चलते टिकट बदलकर मौसम के पिता गौरी शंकर बिसेन को दिया गया। वहीं मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने भी बीमारी के ही चलते इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा। इधर, पूर्व मंत्री उमा शंकर गुप्ता टिकट न मिलने पर बीमार पड़ गए थे। उन्हें दिल का दौरा पड़ गया था।