आचार संहिता उल्लंघन की सी-विजिल एप के माध्यम से शिकयत दर्ज करवाई जाती है।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश विधानसभा में इस बार आचार संहिता उल्लंघन के मामलों में ढाई गुना वृद्धि हुई है। पिछले 2018 के विधानसभा निर्वाचन में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की तीन हजार 990 शिकायतें सी-विजिल एप के माध्यम से प्राप्त हुई थी, जबकि इस बार विधानसभा निर्वाचन 2023 में सी-विजिल एप से अब तक 11 हजार 257 शिकायतें आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की मिल चुकीं हैं। आयोग ने जिनका त्वरित निराकरण भी किया है।
9 अक्तूबर से लागू है आचार संहिता
मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन-2023 के लिए प्रदेश में 9 अक्टूबर से आदर्श आचार संहिता लागू है। इस बीच आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जा सके, साथ ही नागरिक भी आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की त्वरित शिकायत कर सकें, इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सी-विजिल एप तैयार कराया गया। प्रदेश में 9 अक्टूबर से आदर्श आचरण संहिता के प्रभावशील होने के बाद से अब तक 11 हजार 257 शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं।
ऐसे कर सकते हैं शिकायत
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से सी-विजिल एप तैयार कराया गया है। इसके माध्यम से कोई भी नागरिक आदर्श आचरण संहिता के उल्लंघन की किसी भी तरह की शिकायत कर सकता है। शिकायत करने के लिए फोटो अथवा वीडियो को एप पर अपलोड करना होता है। इसके बाद आयोग इसे अपने संज्ञान में लेकर उचित कार्रवाई करता है।