मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का बुधवार को आठवां दिन है। विधानसभा में जन विश्वास संशोधन समेत आठ विधेयकों पर चर्चा होगी। साथ ही किसानों के अवैध कनेक्शन बनाकर पेनल्टी और वसूले जा रहे ब्याज का मुद्दा भी उठेगा। प्रश्नकाल के बाद सदन में चार ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इसमें विधायक राजेंद्र कुमार ने अमरपाटन के उमराही माधूरियान की भूमि को राजस्व अभिलेखों में शासन के नाम दर्ज न किए जाने का मुद्दा उठाया है। विधायक अर्चना चिटनीस ने बुरहानपुर मंडी के इंटीग्रेटेड पैक हाउस में चोरी की घटना से उत्पन्न स्थिति को लेकर ध्यान आकर्षित किया है। विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने डिंडोरी क्षेत्र के विद्यालयों के जर्जर भवनों को लेकर चिंता जताई है। विधायक गायत्री राजे पवार ने देवास क्षेत्र से बहने वाली नदी में केमिकल युक्त औद्योगिक अपशिष्ट के मिलने से उत्पन्न स्थिति का मुद्दा उठाया है।