कटनी में महिला पुलिस अधिकारी और उनके तहसीलदार पति के बीच उपजे पारिवारिक विवाद में पुलिस अधिकारियों की भूमिका को लेकर उठे सवालों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले की जांच के बाद डीएसपी प्रभात कुमार शुक्ला और महिला थाना प्रभारी मंजू शर्मा को तत्काल प्रभाव से हटाते हुए जबलपुर रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में प्रशासनिक दृष्टि से संबद्ध कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को एक्स पर एक वक्तव्य जारी करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले कटनी में हुए घटनाक्रम के फलस्वरूप दोषी पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे। जांच उपरांत डीजीपी द्वारा दोनों अधिकारियों को स्थानांतरित कर संबद्ध किया गया है। उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक प्रक्रिया जारी है।