मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री व कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा व और उनके समर्थक पूर्व पार्षद योगेन्द्र चौहान के खिलाफ डॉक्टर से दुर्व्यवहार को लेकर केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार घटना भोपाल के सरकारी अस्पताल में पिछले सप्ताह हुई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व विधि एवं विधायी मंत्री पीसी शर्मा और उनके समर्थक पूर्व पार्षद योगेन्द्र चौहान के खिलाफ भोपाल स्थित शासकीय जेपी अस्पताल में एक मरीज की मौत पर अस्पताल के डॉक्टर योगेंद्र श्रीवास्तव के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोप लगाया गया है। शर्मा और उनके समर्थक चौहान के खिलाफ सोमवार को हबीबगंज पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
हबीबगंज इलाके के नगर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि जेपी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राकेश श्रीवास्तव एवं डॉक्टर योगेंद्र श्रीवास्तव की शिकायत पर जांच के बाद पीसी शर्मा और योगेंद्र चौहान के खिलाफ भादंवि की धारा 353 एवं 186 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि दोनों के खिलाफ यह मामला दो दिन पहले जेपी अस्पताल में एक मरीज की मौत पर वहां के चिकित्सक योगेंद्र श्रीवास्तव के साथ कथित दुर्व्यवहार किए जाने की घटना को लेकर किया गया है ।
मालूम हो कि शनिवार को जेपी अस्पताल में एक मरीज की मौत पर पीसी शर्मा और योगेन्द्र चौहान ने श्रीवास्तव के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया था, जिससे दुखी होकर उन्होंने शासकीय नौकरी से त्यागपत्र सौंप दिया था। हालांकि, मध्य प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी के आग्रह पर श्रीवास्तव ने रविवार को इस्तीफा वापस ले लिया।