सार
भोपाल के चार इमली इलाके में आईपीएस अधिकारी संजीव कंचन की 17 वर्षीय बेटी ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हबीबगंज पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। मोबाइल, लैपटॉप और कॉल डिटेल खंगाली जा रही हैं।
राजधानी भोपाल के वीआईपी इलाके चार इमली में रहने वाले एक आईपीएस अधिकारी की 17 वर्षीय बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद हबीबगंज पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजीव कंचन की बेटी कक्षा 11वीं की छात्रा थी। मंगलवार दोपहर उसने चार इमली स्थित सरकारी आवास में अपने कमरे में फांसी लगा ली। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया।
हबीबगंज थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि मृतका का मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त कर जांच की जा रही है। कॉल डिटेल और मैसेज की जांच के साथ परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। साथ ही उसकी सहेलियों और करीबी लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।