कैंसर के मरीजों को अब विशेष जांचों के लिए दूसरे बड़े चिकित्सा केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (बीएमएचआरसी) में जल्द ही अत्याधुनिक डायमंड लैब स्थापित होगी। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने इसके लिए मंजूरी दे दी है। इस लैब में स्तन और फेफड़ों के कैंसर से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जांचें निशुल्क की जाएंगी। इन जांचों से कैंसर की कोशिकाओं में होने वाले बदलावों की पहचान होगी और डॉक्टर मरीज की बीमारी के हिसाब से इलाज तय कर सकेंगे। अब तक कैंसर के इलाज में मरीज की बीमारी की स्थिति के साथ यह जानना भी जरूरी होता है कि कैंसर कोशिकाओं में किस तरह के बदलाव मौजूद हैं। इन्हीं के आधार पर तय होता है कि मरीज को सामान्य उपचार, हार्मोन आधारित दवाओं, लक्षित दवाओं या इम्यूनोथेरेपी में से किससे फायदा मिल सकता है। बीएमएचआरसी में प्रस्तावित डायमंड लैब इसी तरह की आधुनिक जांचों की सुविधा उपलब्ध कराएगी।
स्तन कैंसर की चार और फेफड़ों के कैंसर की तीन विशेष जांचें
बीएमएचआरसी की निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव के मुताबिक, डायमंड्स लैब में स्तन कैंसर के मरीजों के लिए ईआर, पीआर, एचईआर2 और केआई-67 जांच की जाएगी। वहीं, फेफड़ों के कैंसर के मरीजों के लिए ईजीएफआर, एएलके और आरओएस-1 जैसी विशेष जांचें उपलब्ध होंगी। इन जांचों से कैंसर कोशिकाओं की प्रकृति और उनमें मौजूद विशेष बदलावों की जानकारी मिलेगी। इसके आधार पर डॉक्टर यह समझ सकेंगे कि मरीज को हार्मोन आधारित दवाओं, विशेष लक्षित दवाओं या इम्यूनोथेरेपी से लाभ मिलने की संभावना है या नहीं।
मरीज के हिसाब से तय हो सकेगा इलाज
कैंसर के सभी मरीजों को एक जैसा इलाज देना जरूरी नहीं होता। अलग-अलग मरीजों में कैंसर कोशिकाओं की विशेषताएं अलग हो सकती हैं। ऐसे में जांच रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टर उपचार का विकल्प चुन सकेंगे। इससे मरीज की बीमारी के अनुरूप इलाज की योजना बनाने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें-भोपाल निगम शिक्षा उपकर के 183 करोड़ कहां खर्च?: स्कूलों को नहीं मिला फर्नीचर-शौचालय,पार्षद ने की जांच की मांग
आईसीएमआर और स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग की संयुक्त पहल
डायमंड्स लैब स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग (डीएचआर) और आईसीएमआर की पहल है। इसका पूरा नाम डीएचआर-आईसीएमआर एडवांस्ड मॉलिक्यूलर ऑन्कोलॉजी डायग्नोस्टिक सर्विसेज लैब है। बीएमएचआरसी में इसकी स्थापना से कैंसर की आणविक जांच सुविधाओं का विस्तार होगा। भोपाल के अलावा आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को भी इसका लाभ मिल सकेगा। हालांकि, लैब कब तक शुरू होगी, इसकी तारीख फिलहाल घोषित नहीं की गई है।