मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार को भोपाल में चतुर्थ राष्ट्रीय एचआर-सीएसआर सम्मेलन ‘अभ्युदय-2026’ का शुभारंभ करेंगे। कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में सुबह 10 बजे होने वाले उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री प्रतिभागियों को संबोधित करने के साथ उनसे संवाद भी करेंगे। इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘समग्र कल्याण के लिए पर्यावरणीय, सामाजिक उत्तरदायित्व, सुशासन और सभ्यतागत ज्ञान का समन्वय’ रखी गई है। इसमें उद्योग जगत, सरकार, विश्वविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं के बीच सहयोग बढ़ाने तथा जनहित से जुड़े क्षेत्रों में व्यावहारिक पहल विकसित करने पर चर्चा होगी। सम्मेलन में कौशल विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर साझेदारी की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। इसका उद्देश्य कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) और मानव संसाधन (एचआर) से जुड़े प्रयासों को सामाजिक जरूरतों से जोड़ना है, ताकि विभिन्न संस्थाएं मिलकर उपयोगी मॉडल तैयार कर सकें।