झपटमारी के दो नाबालिग आरोपी पुलिस हिरासत में
- फोटो : अमर उजाला
पिपलानी और अवधपुरी इलाके में हो रही झपटमारी का वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने पिपलानी में 4 और अवधपुरी व कोलार में एक-एक लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी चोरी की मोटर साइकिल से घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पिपलानी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 9 सितंबर को सुबह 7 बजे अंजता कॉम्प्लेक्स के सामने रोड पर एक महिला टहल रही थी। तभी बीएचईएल गेट रोड से मोटर साइकिल पर सवार दो लड़के आए और महिला के गले में पहनी हुई सोने की चेन झपटकर भाग गए।
इससे पहले 27 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे मारुति अपार्टमेंट के पास टहल रही एक महिला से मंगलसूत्र झपट लिया गया था। 4 अगस्त को भी रजत नगर मंदिर से दर्शन कर लौट रही महिला के गले से पुलिया के पास 17 ग्राम की सोने की चेन छीन ली गई। इसी तरह छह महीने पहले 20 मार्च को दीप मोहिनी कॉलोनी गेट के पास एक महिला के गले से सोने की चेन झपटने का प्रयास किया गया था। इन सभी मामलों में पुलिस ने झपटमारी के प्रकरण दर्ज किए थे।
ये भी पढ़ें: Damoh News: पत्नी की दूसरी शादी नहीं हुई बर्दाश्त, दिनदहाड़े चाकू मारकर की हत्या, अब आजीवन कारावास
पुलिस ने वारदातों की जांच के दौरान घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में बाइक सवार झपटमारों की पहचान हो गई थी और पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। हाल ही में मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी आनंद नगर इलाके में वारदात की फिराक में घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर बाइक सवारों को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि दोनों नाबालिग हैं और करीब 6 माह पहले कोलार क्षेत्र से मोटर साइकिल चोरी कर झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
दोनों आरोपियों ने कुल 5 झपटमारी की वारदात कबूली हैं, जिनमें पिपलानी क्षेत्र की 4 और अवधपुरी क्षेत्र की 1 वारदात शामिल है। उनकी निशानदेही पर सोने के जेवरात और चोरी की मोटर साइकिल सहित लगभग 10 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है।