युवक ने पहचान छिपाकर किया दुष्कर्म
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
भोपाल के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में रहने वाले साहिल उर्फ समीर नाम के मुस्लिम युवक ने अपनी मूल पहचान छिपाकर राहुल बनकर एक हिंदू युवती से दोस्ती की। दोस्ती करने के बाद आरोपी उससे राहुल बनकर मिलता रहा और शादी का वादा करके उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। आरोपी कुछ दिनों पहले युवती को धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम बनने के बाद शादी करने को कहा, तब उसे पता चला कि यह हिंदू नहीं मुस्लिम है। आरोपी ने साजिश के तहत पहचान छिपाकर दोस्ती कर युवती का शारीरिक शोषण किया है। बुधवार को हिंदू लोगों के थाने पहुंचने के बाद दुष्कर्म, एससी-एसटी और धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि कोलार में रहने वाली 25 वर्षीय युवती प्राइवेट काम करती है। करीब चार साल पहले उसकी पहचान राहुल नामक युवक से हुई थी। दोस्ती होने के बाद राहुल ने युवती को मिलने के लिए बुलाया और जहांगीराबाद स्थित एक कमरे में ले जाकर उसने शारीरिक शोषण किया। राहुल ने बोला था कि वह जल्द ही उससे शादी कर लेगा। कुछ माह पहले पीडि़ता को पता चला कि युवक का नाम राहुल नहीं, बल्कि शाहिल है। इस पर उसने ऐतराज किया तो साहिल ने बोला कि वह अपना धर्म बदलकर उसके साथ शादी करेगा। पिछले दिनों युवती ने जब शादी का दबाव बनाया तो साहिल उस पर धर्म बदलने का दबाव बनाने लगा। युवती ने जब अपना धर्म परिवर्तन करने से इंकार किया तो उसने जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए शादी करने से इंकार कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घटनास्थल जहांगीराबाद होने के कारण केस डायरी जहांगीराबाद थाने भेजी जा रही है।
दो दिन बाद दर्ज हुआ प्रकरण
बताया जाता है कि दो दिन से पीड़िता और उसका परिवार पुलिस थाने के चक्कर लगा रहा था, लेकिन प्रकरण दर्ज नहीं हो सका। बुधवार को संस्कृति बचाओ मंच के कार्यकर्ता परिवार के साथ कोलार थाने पहुंचे और हंगामा किया। इसके बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।