देश पर छाए भयावह कोरोना संकट से निपटने रेलवे भी भरपूर मदद कर रहा है। इसी बीच मध्य रेलवे ने भोपाल रेलवे स्टेशन पर 20 आइसोलेशन कोच तैयार किए हैं। इनमें रविवार से हल्के कोरोना लक्षण वाले मरीजों को रखा जाएगा। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।
गोयल ने बताया कि भारतीय रेलवे द्वारा मध्य प्रदेश के भोपाल में 20 कोविड केयर कोच का इंतजाम किया गया है। इसमें 320 मरीजों को रखा जा सकेगा। 25 अप्रैल से इनमें मरीजों को रखने का काम शुरू हो जाएगा।
ट्रेनों से हो रही ऑक्सीजन आपूर्ति
रेल मंत्री ने बताया कि ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए ऑक्सीजन एक्सप्रेस लखनऊ से बोकारो के लिए चल चुकी है। शीघ्र ही यह ट्रेन भी लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन की सप्लाई कर, उत्तर प्रदेश में इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करेगी। देश के कुछ अन्य हिस्सों भी ऑक्सीजन एक्सप्रेस से आपूर्ति की जा रही है।
घटने लगी संक्रमण दर
मप्र में रोज बड़ी संख्या में कोराना संक्रमित मिल रहे हैं। हालांकि अब कोरोना संक्रमण दर में अब कमी आने लगी है। गुरुवार को प्रदेश की कोरोना पॉजिटिविटी दर 24.29 फीसद थी, जो शुक्रवार को घटकर 23.76 फीसद हो गई। वर्तमान में प्रतिदिन 50 हजार से अधिक टेस्ट किए जा रहे हैं।
अस्पतालों में लगाए जा रहे संयंत्र : शिवराज
इस बीच, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि मप्र ऑक्सीजन के मामले में जल्द ही आत्म निर्भर होगा। ऑक्सीजन की आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिये राज्य सरकार द्वारा 2000 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर खरीदे गए हैं। राज्य के पांच जिला चिकित्सालयों भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, रीवा और शहडोल में ऑक्सीजन संयंत्र लगाए जा रहे हैं।