खेलो एमपी 2025 को लेकर खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रेसवार्ता में कहा कि देश में पहली बार खेल विभाग और सभी खेल संघ मिलकर इस बड़े आयोजन को करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए सकारात्मक माहौल बनाया है, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निरंतर मध्यप्रदेश में खेलों को बढ़ावा दे रहे हैं। मंत्री सारंग ने बताया कि जनवरी में खेलो एमपी यूथ गेम्स का आयोजन किया जाएगा, जिसे मध्यप्रदेश के ओलिम्पिक के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस बार खेल विभाग के साथ खेल संघ भी टीम चयन प्रक्रिया में शामिल होंगे, जिससे खिलाड़ियों को प्राथमिकता मिलेगी और प्रदेश की मजबूत टीम तैयार की जा सकेगी। इस आयोजन का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। प्रतियोगिताएं भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, रीवा, सागर, उज्जैन और शहडोल संभाग में होंगी। प्रदेश के सभी 313 ब्लॉकों में खेल आयोजन किया जाएगा, जबकि राज्य स्तरीय समापन कार्यक्रम भोपाल में आयोजित होगा।