मध्य प्रदेश में सोशल मीडिया के अलर्ट के बाद आत्महत्या कर रही नाबालिग को बचाने का मामला सामने आया है। सतना जिले की 17 वर्षीय किशोरी इंस्टाग्राम पर अपनी सुसाइड का लाइव वीडियो बना रही थी। उसने हाथों की नस काट ली थी। इंस्टाग्राम की टीम ने भोपाल की साइबर पुलिस को इस बात का अलर्ट भेजा। इसके बाद भोपाल पुलिस ने सतना पुलिस के जरिए नाबालिग को बचा लिया।
बता दें कि किसी सोशल मीडिया साइट्स द्वारा पुलिस को इस तरह का अलर्ट भेजना और किसी की जान बचाने का यह संभवत: प्रदेश का पहला मामला है। हालांकि इंस्टाग्राम के अलर्ट में लोकेशन नहीं बताई गई थी, बावजूद पुलिस ने नाबालिग का पता लगा लिया और उसे बचा लिया। भोपाल साइबर पुलिस अधीक्षक वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि इंस्टाग्राम से ई-मेल के जरिए अलर्ट आया था कि मध्य प्रदेश में कोई लड़की लाइव होकर आत्महत्या का प्रयास कर रही है। उसने हाथों की नस काट ली है। साथ ही सुसाइड नोट लिखते हुए बोतल से कुछ पी रही है।
श्रीवास्तव ने बताया कि हालांकि इंस्टाग्राम के पास यह सूचना नहीं थी कि युवती किस जिले में रहती है। अलर्ट मिलने के साथ ही हमने इंस्टाग्राम की टीम से संपर्क किया और युवती का आईपी एड्रेस लिया। इसके जरिए युवती का लोकेशन ट्रेस की गई। जिससे पता चला कि लड़की सतना जिले के मैहर में है। इसके बाद तत्काल मैहर पुलिस से संपर्क कर लड़की के घर टीम भेजी गई। पुलिस टीम ने लड़की को पकड़ लिया और उसकी जान बचाई।
पूछताछ में पता चला कि लड़की नाबालिग है और पास में रहने वाले किसी युवक से प्रेम करती है। युवक और उसके बीच बातचीत बंद होने से वह परेशान थी और जान देना चाहती थी। सतना पुलिस मामले की जांच कर रही है।