मध्यप्रदेश के सरकारी प्राथमिक स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई का स्तर चिंता बढ़ाने वाला है। राज्य शिक्षा केंद्र के आकलन में सामने आया है कि प्रदेश के करीब 80 प्रतिशत बच्चे अपनी कक्षा के अनुरूप दक्षता हासिल नहीं कर पाए हैं। यानी पांच में से केवल एक बच्चा ही अपनी कक्षा के स्तर पर पाया गया। इस कमजोर शैक्षणिक स्थिति को सुधारने के लिए अब शिक्षा विभाग ने 90 दिन का विशेष पुनर्बलन अभियान शुरू किया है। इसमें कक्षा 2 से 5 तक के बच्चों को हिंदी, अंग्रेजी और गणित में बुनियादी दक्षताएं सिखाई जाएंगी। राज्य शिक्षा केंद्र ने इसके लिए 73 पेज की विस्तृत शिक्षण सामग्री और अलग-अलग विषयों के मॉड्यूल जारी किए हैं। शिक्षकों को बच्चों के मौजूदा स्तर के अनुसार समूह बनाने, खेल-खेल में पढ़ाने और नियमित अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, इस पूरी योजना का विश्लेषण करने पर एक बड़ा सवाल सामने आता है। जब आकलन में 80 प्रतिशत बच्चे पीछे मिले हैं तो क्या महज तीन महीने का अभियान उनकी सीखने की कमी दूर कर पाएगा? खास बात यह है कि योजना के दस्तावेज में ही समयसीमा और रोजाना पढ़ाई के समय को लेकर अलग-अलग निर्देश दिखाई देते हैं।
20 प्रतिशत बच्चे ही कक्षा के स्तर पर, बाकी के लिए अलग से पढ़ाई
राज्य शिक्षा केंद्र के 10 नवंबर 2026 के आदेश के मुताबिक, विभिन्न आकलनों में बच्चों का दक्षता स्तर अपेक्षित कक्षा-अनुरूप स्तर से कम पाया गया है। लगभग 20 प्रतिशत बच्चे ही अपनी कक्षा के अनुरूप दक्षता स्तर पर हैं। इसी अंतर को कम करने के लिए कक्षा 2 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए पुनर्बलन कार्यक्रम लागू किया गया है। इसमें बच्चों को उनकी क्षमता के आधार पर अलग-अलग समूहों में बांटने की व्यवस्था है। पहले समूह में वे बच्चे होंगे जो संबंधित दक्षता स्वयं हासिल कर लेते हैं। दूसरे समूह में वे होंगे जिन्हें सहयोग की जरूरत है, जबकि तीसरे समूह में उन बच्चों को रखा जाएगा जो दक्षता हासिल नहीं कर पा रहे हैं। शिक्षक को इन समूहों के अनुसार पढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है। इस योजना की सबसे महत्वपूर्ण कमी इसके संचालन से जुड़ी दिखाई देती है। राज्य शिक्षा केंद्र के मुख्य आदेश में अभियान की अवधि 16 नवंबर 2026 से 16 फरवरी 2027 तक बताई गई है। वहीं, पुनर्बलन शिक्षण की सामान्य रूपरेखा वाले पेज पर 1 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक की अवधि दर्ज है। इतना ही नहीं, हिंदी भाषा के शिक्षण मॉड्यूल में प्रतिदिन न्यूनतम 90 मिनट पुनर्बलन गतिविधियों के लिए निर्धारित करने की बात है, जबकि शिक्षकों के लिए जारी निर्देशों में प्रतिदिन एक घंटा निकालकर समूहों में बच्चों को पढ़ाने का उल्लेख है। ऐसे में शिक्षकों के सामने सवाल है कि आखिर अभियान के लिए प्रतिदिन कितना समय निर्धारित किया जाए और किस समयसीमा को आधार बनाकर कार्यक्रम का संचालन किया जाए? दस्तावेजों में इन अंतरों का स्पष्ट समाधान दिखाई नहीं देता।
कमजोर बच्चों की पहचान होगी, लेकिन सुधार का लक्ष्य कितना?
योजना में बच्चों की दक्षता पहचानने के लिए आवधिक आकलन, ट्रैकर और समूहवार प्रगति दर्ज करने की व्यवस्था दी गई है। अभियान पूरा होने के बाद दोबारा आकलन कर बच्चों की प्रगति देखने के निर्देश भी हैं। लेकिन दस्तावेज में प्रदेश के 80 प्रतिशत बच्चों की स्थिति सुधारने के लिए विषयवार कितने बच्चों को किस दक्षता तक पहुंचाना है, इसका कोई स्पष्ट संख्यात्मक लक्ष्य सामने नहीं आता। हिंदी, अंग्रेजी और गणित में अलग-अलग गतिविधियां तो दी गई हैं, लेकिन पूरे प्रदेश के स्तर पर अपेक्षित सुधार का मापदंड स्पष्ट नहीं है। यानी बच्चों को कमजोर समूह में रखने और उनकी प्रगति दर्ज करने की व्यवस्था तो है, लेकिन अभियान के अंत में सफलता का आकलन किस निश्चित लक्ष्य के आधार पर होगा, यह बड़ा सवाल है।
खेल, कहानी और गतिविधियों से पढ़ाने पर जोर
राज्य शिक्षा केंद्र ने शिक्षकों को केवल किताबों तक सीमित नहीं रहने के निर्देश दिए हैं। हिंदी में बच्चों को सुनने, बोलने, पढ़ने और लिखने का अभ्यास कराने के लिए चित्र वर्णन, कहानी सुनाना, शब्द पहचान, ध्वनि जोड़ना और वाक्य निर्माण जैसी गतिविधियां रखी गई हैं।अंग्रेजी में अक्षर पहचान, ध्वनि, छोटे शब्द, वाक्य निर्माण और बोलने का अभ्यास कराया जाएगा। गणित में संख्या पहचान, जोड़-घटाव, गुणा-भाग, स्थानीय मान और दैनिक जीवन से जुड़े सवालों के माध्यम से बच्चों की समझ विकसित करने की योजना है। शिक्षकों को बच्चों को डांटने, उनकी आपस में तुलना करने और एक ही दिन में सभी दक्षताएं पूरी कराने की जल्दबाजी से बचने को भी कहा गया है।
पहली कक्षा के बच्चे अभियान से बाहर
इस अभियान का दायरा कक्षा 2 से 5 तक रखा गया है। राज्य शिक्षा केंद्र का तर्क है कि कक्षा पहली में बच्चों का विद्यालयी अधिगम प्रारंभिक स्तर से शुरू होता है, इसलिए उन्हें इस कार्यक्रम में शामिल नहीं किया गया है। हालांकि, बुनियादी पढ़ने-लिखने और गणितीय समझ की नींव शुरुआती कक्षाओं में ही तैयार होती है। ऐसे में कक्षा पहली को बाहर रखने का फैसला भी ध्यान देने योग्य है।
यह भी पढ़ें-अब छात्रों का तनाव भी पढ़ेगा मैनिट: ओम जाप, संगीत और नृत्य से होगी स्ट्रेस की जांच,मशीन बताएगी कितना हुआ फायदा
अब असली परीक्षा शिक्षकों और निगरानी व्यवस्था की
राज्य शिक्षा केंद्र ने शिक्षकों को नियमित अभ्यास, सहपाठी शिक्षण, गतिविधि आधारित पढ़ाई और कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। हर सप्ताह बच्चों की प्रगति देखने और जरूरत के अनुसार शिक्षण योजना बदलने की बात भी कही गई है। लेकिन प्रदेश में जब करीब 80 प्रतिशत बच्चे कक्षा के स्तर से पीछे हैं, तब चुनौती केवल मॉड्यूल जारी करने की नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे तक प्रभावी शिक्षण पहुंचाने की है। तीन महीने बाद होने वाला पुनर्मूल्यांकन ही बताएगा कि यह अभियान बच्चों की वास्तविक सीखने की क्षमता में कितना बदलाव ला पाया।