राजधानी भोपाल के बैरसिया क्षेत्र के 11वीं की छात्रा को अश्लील मैसेज भेजकर परेशान करने वाले युवक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने बैरसिया थाने का घेराव किया। इस दौरान लगातार भीड़ बढ़ती गई जिसे देखते हुए बीजेपी विधायक विष्णु खत्री और कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह भी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर ने कार के बोनट पर खड़े होकर प्रदर्शनकारियों को समझाया। इसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ। इस दौरान मां भवानी हिंदू संगठन के दीपक चौधरी का कहा कि मामले में चार युवक शामिल हैं, लेकिन पुलिस ने एक को ही गिरफ्तार किया है। थाना घेरने की सूचना पर सबसे पहले एसपी प्रमोद कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे। उन्होंने संगठन के लोगों को समझाइश दी। साथ ही, बाकी आरोपियों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि प्रदर्शनकारी मानने को तैयार नहीं थे।
अपराधियों का निकालेंगे जुलूस
कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने लोगों को समझाइश दी। उन्होंने कहा कि जो भी शिकायत है, हम उस पर तुरंत कार्रवाई करेंगे। आप लोग परेशान न हों। कार्रवाई के बाद आपको बताएंगे भी। इसके अलावा, हम अपराधियों का जुलूस भी निकालेंगे। ऐसी कार्रवाई करेंगे, जिससे भविष्य में कोई ऐसा अपराध न करे। जल्द ही स्कूलों के पास की गुमठियों को भी हटाएंगे। अब आप लोग रुकना चाहते हैं तो रुकें, नहीं तो घर चले जाएं।
भद्दे कमेंट्स करता था आरोपी
बैरसिया एसडीओपी आनंद कलादांगी ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 साल की पीड़िता बैरसिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। इसी थाना क्षेत्र का रहने वाला अरमान मंसूरी नाबालिग को फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज भेजता था। लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पीड़िता को फॉलो कर भद्दे कमेंट्स करता था। जानकारी के अनुसार आरोपी बातचीत करने का दबाव बनाता था। लड़की बात करने से मना करती थी। रिप्लाई नहीं करती, तो उसके मॉर्फ फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था।
यह है पूरा मामला
राजधानी भोपाल के बैरसिया क्षेत्र में रहने वाली कुछ छात्राओं को युवक लंबे समय से अश्लील मैसेज भेज रहे थे। साथ ही उनसे बात करने के लिए दबाव भी बना रहे थे। छात्राओं के मना करने पर युवक अश्लील वीडियो में कांट-छांट (मॉर्फ) कर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी भी दे रहे थे। ऐसे ही एक मामले की शिकायत बैरसिया थाना पहुंची, तो पुलिस ने केस दर्ज कर एक आरोपित अरमान मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच पता लगा कि अरमान के दो साथी भी अन्य दो छात्राओं के साथ इसी तरह की हरकत कर रहे थे। घटना का पता चलने पर बुधवार को हिंदू संगठनों ने बैरसिया थाने का घेराव कर विरोध जताया था। गुरुवार को शेष आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज र उन्हें गिरफ्तार करने की मांग को लेकर बैरसिया में हिंदू संगठन सड़क पर उतर आए हैं। उनकी मांग है कि अन्य आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाए।