इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में हार-जीत का ऑनलाइन दांव लगा रहे नौ सटोरियों को भोपाल क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी आईडी खरीदकर सट्टा लगा रहे थे। आरोपियों के पास से 20 हजार रुपये और तीन मोबाइल जब्त किए गए हैं। इस मामले में अभी दो आरोपी फरार हैं।
क्राइम ब्रांच की टीम ने कोलार और लालघाटी में अलग-अलग कार्रवाई की है। दोनों मामलों में कुल ग्यारह आरोपी बनाए गए हैं। एडीसीपी क्राइम ब्रांच शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि ललिता नगर के सिद्धार्थ टॉवर, कोलार की पार्किंग में आईपीएल का सट्टा बुक किए जाने सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की तो वहां खुलेआम हार-जीत का दांव ऑनलाइन लगाया जा रहा था।
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों की शिनाख्त शाहनवाज खान, सलमान खान, हरिओम गुप्ता, नरेश गोस्वामी, छोटू खान और अमन बेग के रूप में हुई, जबकि दो आरोपी फरार हैं। इसी तरह क्राइम ब्रांच की दूसरी टीम ने लालघाटी के पास दबिश देकर तीन सटोरियों को पकड़ा है। आरोपियों की शिनाख्त भोपाल निवासी आदित्य, लतीश कुचलानी और नवीन फूलचंदानी के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 20 हजार 500 नगदी, तीन मोबाइल फोन और मोबाइल से ऑनलाइन सट्टा बुक करने का लाखों का हिसाब जब्त किया है।
फरार आरोपी भी ग्वालियर के
क्राइम ब्रांच के अनुसार कोलार में पकड़े गए सभी आरोपी मूलत: ग्वालियर के रहने वाले हैं। वे ग्वालियर से सट्टा बुक करने ही भोपाल आए थे। दोनों फरार आरोपी भी ग्वालियर के रहने वाले हैं। क्राइम ब्रांच पता करने में जुटी है कि किस बड़े सटोरिए के जरिए ये भोपाल में आकर सट्टा बुक कर रहे थे।