अनंत चतुर्दशी के साथ शुक्रवार को दस दिवसीय गणेशोत्सव का समापन होगा। राजधानी में गणेश प्रतिमाओं की विदाई के लिए शाम से भव्य चल समारोह निकलेगा। शहर के अलग-अलग इलाकों से करीब 1500 झांकियां और गणेश प्रतिमाएं जुलूस के रूप में विसर्जन घाटों तक पहुंचेंगी। ढोल-ताशे, बैंड और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ निकलने वाले इस समारोह को लेकर नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्री हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में मुख्य गणेश विसर्जन चल समारोह शाम 7 बजे सेंट्रल लाइब्रेरी, भारत टॉकीज के पास से शुरू होगा। यहां बनाए गए स्वागत मंच पर झांकियों और गणेश प्रतिमाओं का स्वागत किया जाएगा। आकर्षक और अनुशासित झांकियों को समिति की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।
सात घाटों पर बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन
नगर निगम ने बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए प्रेमपुरा, रानी कमलापति, खटलापुरा, बैरागढ़, शाहपुरा, हथाईखेड़ा और मालीखेड़ी घाट तैयार किए हैं। छोटी प्रतिमाओं के लिए शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में विसर्जन केंद्र बनाए गए हैं, जहां से प्रतिमाओं को सुरक्षित तरीके से घाटों तक पहुंचाया जाएगा। घाटों पर 13 क्रेन, 12 पोकलेन मशीन, 184 गोताखोर और 98 फायरकर्मी तैनात रहेंगे। फायर फाइटर, बचाव वाहन, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, ट्यूब, रस्सी, कांटा और पीए सिस्टम समेत अन्य सुरक्षा संसाधन भी उपलब्ध रहेंगे। रात में आवाजाही आसान बनाने के लिए विसर्जन मार्गों पर 1665 एलईडी फ्लड लाइट लगाई गई हैं।
हर घाट पर अलग इंतजाम
प्रेमपुरा घाट पर चार क्रेन, दो पोकलेन, 46 गोताखोर और 24 फायरकर्मी तैनात किए गए हैं। रानी कमलापति घाट पर दो क्रेन, दो पोकलेन, 36 गोताखोर और 12 फायरकर्मी रहेंगे। बैरागढ़ घाट पर दो क्रेन, दो पोकलेन, 18 गोताखोर और 12 फायरकर्मी तैनात हैं। खटलापुरा में एक क्रेन, एक पोकलेन, 18 गोताखोर और 12 फायरकर्मी, मालीखेड़ी में दो क्रेन, दो पोकलेन, 12 गोताखोर और 11 फायरकर्मी तथा हथाईखेड़ा में दो क्रेन, दो पोकलेन, 36 गोताखोर और 13 फायरकर्मी तैनात किए गए हैं। शाहपुरा घाट पर एक पोकलेन, 18 गोताखोर और 13 फायरकर्मी व्यवस्था संभालेंगे।
सुबह से भारी वाहनों की एंट्री बंद
गणेश विसर्जन और चल समारोह को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शुक्रवार सुबह 8 बजे से भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। शाम 5 बजे से भारत टॉकीज, अल्पना तिराहा, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज चौराहे की ओर सिटी बस और मैजिक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। शाम 6 बजे से मंगलवारा थाना तिराहा, दयानंद चौक, जुमेराती पानी की टंकी और पुरानी सब्जी मंडी से घोड़ा नक्कास और बस स्टैंड की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। मुख्य चल समारोह भारत टॉकीज से शुरू होकर इतवारा, गणेश चौक, मंगलवारा, गल्ला मंडी, हनुमानगंज, छोटे भैया चौराहा, जुमेराती, पुराना पोस्ट ऑफिस, सिंधी मार्केट, पीरगेट, मोती मस्जिद, रेतघाट और कमला पार्क होते हुए रानी कमलापति घाट की ओर जाएगा। कुछ झांकियां पॉलिटेक्निक चौराहा, डिपो चौराहा, 25वीं बटालियन और भदभदा तिराहे से होते हुए प्रेमपुरा घाट पहुंचेंगी।
25-26 सितंबर को कुछ मार्गों पर भारी वाहनों की रोक
लांबाखेड़ा-गोलखेड़ी मार्ग पर भी भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। बाणगंगा, निपानिया नदी और खेजड़ादेव विसर्जन घाट पर 25 और 26 सितंबर को प्रतिमाओं के विसर्जन के चलते डंपर, ट्रक, 407 और लोडिंग पिकअप को लांबाखेड़ा से गोलखेड़ी की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को डोबरा जोड़ बायपास होकर गोलखेड़ी और फिर बैरसिया की ओर भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें-दिव्यांग चयनित शिक्षकों की नौकरी अटकी: 22 दिन से नियुक्ति का इंतजार, मेडिकल सत्यापन के बाद आदेश के लिए भटक रहे
संत नगर में दोपहर से विसर्जन का सिलसिला
संत हिरदाराम नगर में भी शुक्रवार को सुबह से गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियां रहेंगी। छोटी प्रतिमाओं के लिए जेसीबी और बड़ी प्रतिमाओं के लिए क्रेन की व्यवस्था की गई है। विसर्जन घाट पर शुक्रवार सुबह 8 बजे से शनिवार दोपहर तक अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहेंगे। विसर्जन के दौरान भोपाल-इंदौर राजमार्ग पर खजूरी बायपास से यातायात बंद रहेगा। इंदौर की ओर से आने वाले वाहनों को खजूरी बायपास, नरसिंहगढ़ और एयरपोर्ट रोड होते हुए लालघाटी की ओर भेजा जाएगा। भोपाल की ओर से आने वाले वाहनों को लालघाटी से सिंगारचोली ओवरब्रिज की ओर डायवर्ट किया जाएगा। अनंत चतुर्दशी पर राज्य शासन ने भोपाल में स्थानीय अवकाश घोषित किया है। इसके चलते शुक्रवार को राजधानी के सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।