फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एमपी: भोपाल में जनता क्वार्टर खाली कराने के विरोध में पांच महिलाओं ने खाया जहर, हमीदिया अस्पताल में भर्ती

Thu, 12 Nov 2026 09:22 PM IST
भोपाल ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

सार

भोपाल के ऐशबाग स्थित जर्जर जनता क्वार्टर खाली कराने के विरोध में गुरुवार को पांच महिलाओं ने जहरीला पदार्थ खा लिया। सभी को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हाउसिंग बोर्ड ने 13 नवंबर तक मकान खाली करने का नोटिस दिया है।

 

विज्ञापन
पांच महिलाओं ने खाया जहर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी के ऐशबाग इलाके में स्थित जर्जर जनता क्वार्टर को तोड़ने की प्रशासनिक तैयारी के बीच गुरुवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मकानों को खाली कराने और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के विरोध में पांच महिलाओं ने जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सभी महिलाओं को तत्काल हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

13 नवंबर तक मकान खाली करने का अल्टीमेटम

विज्ञापन

दरअसल, ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में करीब 600 मकान हैं। मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड ने इन भवनों को जर्जर बताते हुए रहवासियों को 13 नवंबर तक मकान खाली करने और सामान हटाने का अंतिम नोटिस जारी किया है। इसके बाद 14 नवंबर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित है। प्रशासन ने इसके लिए पहले से तैयारियां कर रखी हैं।

पढे़ं: शिवराज सिंह की माता के त्रयोदशी कार्यक्रम में जुटे दिग्गज नेता, चार राज्यों के सीएम भी पहुंचे भोपाल

हाउसिंग बोर्ड के अनुसार, इन 600 क्वार्टरों में रहने वाले परिवारों में करीब 110 मूल आवंटी हैं, जबकि शेष मकानों पर अनधिकृत कब्जे बताए जा रहे हैं। इन भवनों को नगर निगम ने मई 2016 में ही खतरनाक घोषित कर दिया था। इसके बावजूद यहां बड़ी संख्या में परिवार रह रहे हैं।

घर के बदले घर देने की मांग पर अड़े रहवासी

विज्ञापन

क्वार्टर खाली कराने का नोटिस मिलने के बाद से ही रहवासी विरोध कर रहे हैं। उनकी मांग है कि मकान तोड़ने से पहले उन्हें रहने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। लोगों का कहना है कि वे अपने परिवारों को लेकर अचानक कहां जाएंगे। रहवासी पहले भी पोस्टर और प्रदर्शन के माध्यम से घर के बदले घर देने की मांग उठा चुके हैं।

मकान खाली करने की समय-सीमा नजदीक आने के साथ ही लोगों की चिंता और विरोध बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को विरोध के दौरान पांच महिलाओं के जहरीला पदार्थ खाने की घटना से स्थिति और गंभीर हो गई। फिलहाल सभी महिलाओं का हमीदिया अस्पताल में उपचार जारी है। अब देखना होगा कि जर्जर भवनों को सुरक्षित तरीके से हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई और वर्षों से यहां रह रहे परिवारों के पुनर्वास के बीच कोई समाधान निकल पाता है या नहीं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें