भोपाल में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत। बेटे से विवाद के बाद पिता ने फांसी लगाई, निर्माण कार्य करते समय युवक छत से गिरकर मारा गया और रेलवे हादसे में एक वृद्ध की मौत हुई।
भोपाल में बेटे से विवाद के बाद पिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। कोलार पुलिस के अनुसार, कान्हाकुंज निवासी 50 वर्षीय शिवकुमार फर्नीचर की दुकान पर काम करते थे। उनका एक बेटा और चार बेटियां हैं, जिनमें से तीन की शादी हो चुकी है। दो दिन पहले उनकी पत्नी अपनी बेटी को लेकर खंडवा चली गई थी।
विज्ञापन
शिवकुमार को शराब की लत थी और वे अक्सर नशे में घर आते थे। मंगलवार की रात वे नशे में घर लौटे, तो उनके बेटे ने टोका। नाराज होकर पिता ने बेटे को फटकार लगाई। बेटे के घर से जाने के बाद रात करीब साढ़े बजे शिवकुमार फांसी पर लटके मिले। बेटे ने उन्हें फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तराई करते वक्त छत से गिरा युवक, मौत
मंगलवारा पुलिस के अनुसार, 40 वर्षीय मोहम्मद अनवर बागमुगालिया इलाके में रहते थे। उनका छावनी में एक मकान निर्माणाधीन था। बीती सुबह वह तीसरी मंजिल पर पानी की तराई कर रहे थे, तभी उनका पैर फिसला और वे छत से नीचे गिर गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा।
रेलवे हादसा, वृद्ध की मौत
एमपी नगर पुलिस के अनुसार, 65 वर्षीय छोटेलाल पुत्र मेषराम, राजीव नगर में रहते थे। कल दोपहर वह सुभाष नगर रेलवे फाटक पार कर रहे थे, तभी अचानक ट्रेन आ गई और हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।