राजधानी भोपाल के पिपलानी थाने में पदस्थ दो आरक्षकों द्वारा एक इंजीनियर युवक की पीट-पीट कर हत्या करने के मामले में पुलिस फिर पक्षपात करते हुए दिख रही है। पिपलानी थाना पुलिस ने पहले दोनों आरक्षकों द्वारा हत्या किए जाने की घटना से नकारते हुए गिरने से आई चोट में मौत होना बता रही थी। मुख्यमंत्री और डीजीपी की सख्ती के बाद आरक्षकों पर हत्या का प्रकरण तो दर्ज कर लिया गया है, लेकिन एम्स के पांच डॉक्टरों द्वारा किए गए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को लेकर पिपलानी पुलिस ने कुछ सवाल उठाए हैं। आरक्षकों को रविवार को दोपहर बाद जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को भोपाल केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
पिपलानी पुलिस ने एम्स के पांच डॉक्टरों के पैनल द्वारा दी गई पीएम रिपोर्ट को आधार बनाकर हत्या का प्रकरण दर्ज किया है, लेकिन पुलिस ने अब डॉक्टरों के उस पैनल से यह जवाब मांगा है कि पीएम रिपोर्ट में पैंक्रियाज डैमेज होने के कारण मौत होना लिखा है, तो यह कैसे साबित हो रहा है कि पुलिस की पिटाई से ही पैंक्रियाज खराब हुई। पुलिस के इस सवाल के बाद एक बार फिर माना जाने लगा है कि थाना पुलिस आरोपी आरक्षकों को बचाने में जुटी है। मृतक उदित गायकी का एक और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें वह सड़क पर डांस कर रहा है। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों की पिटाई से चंद मिनट पहले का यह वीडियो है।
ये भी पढ़ें- उदित हत्याकांड: हत्या नहीं होती तो उदित आठ लाख से अधिक के पैकेज में कर रहा होता नौकरी, पुलिस पर लगे हैं आरोप
यह है पूरा मामला
22 वर्षीय उदित गायकी बाग दिलकुशां का रहने वाला था। और वीआईटी कॉलेज से बीटके पास था। उदित गायकी के साथ मारपीट की वारदात पिपलानी थाना क्षेत्र स्थित इंद्रपुरी सी-सेटर में श्रेयस कोचिंग सेंटर के पास गुरुवार-शुक्रवार की रात लगभग सवा एक बजे हुई थी। कार में उदित गायकी पिता राजकुमार गायक, उसका दोस्त अक्षत भार्गव और दीपेश बरकड़े थे। इसी दौरान नाइट पेट्रोलिंग करते हुए आरक्षक संतोष बामनिया और सौरव आर्य मौके पर पहुंच गए थे। तीनों के साथ पुलिस कांस्टेबल की बहस हुई तो उदित गायकी वहां से कुछ दूर आगे भागा। उसको पकड़ने के बाद शर्ट फटने तक उसे बेरहमी से पीटा गया। फिर उसको पकड़कर वापस वह कांस्टेबल लेकर आया। इसके बाद फिर उसने ताबड़तोड़ डंडे उदित गायकी पर बरसाना शुरू कर दिए। मारपीट करने के बाद कांस्टेबल वहां से चले गए। लेकिन, उदित गायकी, अक्षत भार्गव और दीपेश बरकड़े घर जाने की बजाय वहां से हथाईखेड़ा डैम फिर वहां से खजूरी सड़क चले गए। इस दौरान रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ी तो दोस्त सांई अस्पताल ले गए। यहां चेक करने के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।