टीटी नगर थाने पहुंचे कांग्रेसी नेता
- फोटो : अमर उजाला
केन्द्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू और यूपी सरकार के मंत्री रघुराज सिंह द्वारा राहुल गांधी पर दिए बयान पर एमपी कांग्रेस में आक्रोश है। इसे लेकर मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी टीटी नगर थाना पहुंचे। इस दौरान पूर्व मंत्रियों डॉ विजयलक्ष्मी साधौ, पीसी शर्मा, मुकेश नायक और अधिवक्ता जेपी धनोपिया, केके मिश्रा और तमाम कांग्रेस पटवारी के साथ पहुंचे थे। जहां पीसीसी चीफ ने कहा कि दो घंटे की मशक्कत के बाद भी एफआईआर नहीं हुई। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आदेश पर FIR दर्ज न होने का आरोप लगाया है। साथ ही टीआई पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब हम एफआईआर दर्ज करने आए तो यहां के अधिकारियों का बर्ताव बीजेपी के मंडल अध्यक्ष की तरह है,इस तरह का व्यवहार यह कहता है कि संविधान खतरे में है।
कल पूरे प्रदेश में युवा कांग्रेस करेगी प्रदर्शन
बुघवार को युवा कांग्रेस पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करेगी। इस दौरान रवनीत सिंह बिट्टू का पुतला दहन करेगी। युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र सिंह ने कहा कि रवनीत सिंह बिट्टू नए-नए संघी और भाजपाई बने हैं। आलाकमान के सामने नंबर बढ़ाने के लिए रवनीत बिट्टू ने बयान दिया है। मितेंद्र सिंह ने कहा कि देशद्रोही हम नहीं आप लोग हैं। राजनीतिक लाभ के लिए इस तरीके के बयान दिए गए।
एसीपी और पटवारी के बीज जम कर हुई बहस
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी नेताओं के साथ शाम करीब सवा 4 बजे टीटी नगर थाने पहुंचे। यहां एसीपी चंद्रशेखर पांडे और टीटी नगर के थाना प्रभारी सुनील भदौरिया से एफआईआर दर्ज करने को कहा। एसीपी ने कांग्रेसियों से कहा आप आवेदन दे दीजिए हम जांच के बाद कार्रवाई करेंगे। ये सुनकर जीतू पटवारी ने कहा कि हमारे नेता की जीभ काटने की बीजेपी के मंत्री धमकी दे रहे हैं और आप आवेदन मांग रहे हैं। हम सामने खडे़ हैं आप एफआईआर दर्ज करिए। इस पर एसीपी ने नए कानून की धारा 173 का हवाला देते हुए कहा कि 14 दिनों में जांच की बात स्पष्ट तौर पर बीएनएसएस में लिखी हुई है। आप लोग आवेदन देंगे तो हम 14 दिनों में जांच करके कार्रवाई करेंगे।
दो घंटे थाने में डटे रहे कांग्रेसी नेता
थीना प्रभारी ने जब एफआईआर करने से मना तक दिया तो कांग्रेसी नेता थाने में बैठ गए और बोले जब तक एफआईआर नहीं होगी वे वहीं बैठे रहेंगे। । इस बीच भोपाल उत्तर से विधायक आतिफ अकील भी एक वकील को थाने लेकर पहुंचे और एसीपी से पूछा कि आप हां-ना में जवाब दीजिए कि अगर कोई जुबान काटने की धमकी दे रहा है तो एफआईआर होगी या नहीं। विधायक की बात पर एसीपी ने फिर बीएनएसएस की किताब दिखाते हुए कहा मैं अभी भी उसी धारा 173 के अनुसार कार्रवाई करूंगा। करीब दो घंटे के हंगामे के बाद कांग्रेसियों ने रोजनामचे में पूरा घटनाक्रम दर्ज कराया।
प्रधानमंत्री के इशारे पर मंत्री दे रहे बयान
जीतू पटवारी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश के मंत्री ने कोई बयान दिया तो वह मंत्रिमंडल का बयान सरकार का बयान होता है,केंद्र और राज्य के मंत्रियों ने जो राहुल गांधी के खिलाफ बयान दिये,वह पीएम के इशारे पर दिए है, महाराष्ट्र और यूपी के नेताओं ने भी राहुल गांधी के खिलाफ बयान बाजी की सीधे तौर पर बताता है कि राहुल गांधी को घेरने का बीजेपी का एजेंडा है, इससे साफ होता है कि यदि कोई नेता जनता की समस्या उठाएगा तो उसके खिलाफ अनर्गल बयान बाजी की जाएगी और उसे सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाएगा।