पीसीसी पहुंचे नए अध्यक्ष को बधाई देते कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश कांग्रेस लगातार धरना और प्रदर्शन के माध्यम से सड़कों पर उतरकर मध्य प्रदेश सरकार को घेर रही है। वहीं कई कांग्रेस के बड़े नेता प्रदेश के मुद्दों को सोशल मीडिया के माध्यम से उठा रहे हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन को मजबूत करने अलग-अलग प्रयोग कर रही है। कांग्रेस का सोशल मीडिया विभाग एक बार फिर से सक्रिय हो गया है। सरकार को घेरने के लिए सोशल मीडिया विभाग के कार्यकर्ता ट्विटर, फेसबुक, वॉट्सएप सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक्टिव हो रहे हैं। मंडल और बूथ स्तर तक की गतिविधियों को सोशल मीडिया पर शेयर करने के निर्देश हैं। इधर प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विधायक नितेन्द्र सिंह राठौर ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक की विशेष उपस्थिति में पदभार ग्रहण किया।
पद ग्रहण के बाद तुरंत ली कार्यकर्ताओं की बैठक
कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विधायक नितेन्द्र सिंह राठौर ने पद ग्रहण करने के तुरंत बाद सोशल मीडिया विभाग के कार्यकर्ताओं की बैठक ली और आगे की रणनीति तैयार की। राठौर के साथ कांग्रेस सोशल मीडिया के नवनियुक्त स्टेट कॉर्डिनेटर अभिनव बरोलिया, चंचलेश व्यास, असद खान और अपूर्व भारद्वाज ने भी पदभार ग्रहण किया। राठौर एवं नवनियुक्त पदाधिकारियों को नेताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर पदभार ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मप्र महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल, कांग्रेस पदाधिकारीगण डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान, भूपेन्द्र गुप्ता, रवि सक्सेना, तनय अग्रवाल, अवनीश बुंदेला, आनंद जाट, जितेन्द्र पाल सिंह राजा, मिथुन अहिरवार, राहुल राठौर सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।
जनता की सशक्त आवाज बनें
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विधायक नितेन्द्र सिंह राठौर ने कहा कि मप्र कांग्रेस का सोशल मीडिया प्रदेश की जनता की सशक्त आवाज बने। प्रदेश में लगातार भ्रष्टाचार, अत्याचार और उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रहीं हैं। इसमें सोशल मीडिया का महत्वपूर्ण योगदान है। सरकार और प्रशासन जिन मुद्दों को दबाने-छिपाने में लगा है। वे जैसे ही कांग्रेस के सोशल मीडिया के सिपाहियों के संज्ञान में आएं उनका सत्यापन करने के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से जिम्मेदारों को जगाने का काम करें।