मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि शासन की सभी नीतियों और योजनाओं का उद्देश्य नागरिकों के जीवन को सरल और समृद्ध बनाना है। जनहित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अब कलेक्टर्स-कमिश्नर्स कॉन्फ्रेंस नियमित रूप से आयोजित की जाएगी, ताकि विकास कार्यों और जनकल्याण योजनाओं की प्रगति का सतत मूल्यांकन हो सके। छह माह बाद पुनः यह कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री बुधवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में दो दिवसीय कलेक्टर्स-कमिश्नर्स कॉन्फ्रेंस के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 8 वर्ष के अंतराल के बाद हुई इस कॉन्फ्रेंस में 55 जिलों के कलेक्टर, एसपी, सीईओ, आयुक्त और पुलिस आयुक्त शामिल हुए। दो दिन में कुल आठ सत्र हुए, जिनमें कानून व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, रोजगार, ग्रामीण और नगरीय विकास जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।