सिविल इंजीनियर की हार्ट अटैक से नहीं हुई मौत। (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
भोपाल के सूखीसेवनिया थाना क्षेत्र स्थित एक फॉर्म हाउस में कार के अंदर मिली सिविल इंजीनियर प्रॉपर्टी डीलर की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला है कि सिविल इंजीनियर की हार्ट अटैक से मौत नहीं हुई थी। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। चूंकि, लाश डिकंपोज होने लगी थी, इसलिए शरीर पर पुलिस को चोट के निशान नहीं दिखे थे। पुलिस इस मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही थी, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या का पता चला। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर पार्टनर दीपक कुशवाहा और एक अन्य संदिग्ध से पूछताछ भी शुरू कर दी है। हालांकि, हत्या किसने की, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है। मृतक इंजीनियर की पत्नी ने उनके लापता होने के बाद बागसेवनिया थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
सूखीसेवनिया पुलिस के अनुसार जानकारी के अनुसार कपिल शर्मा (45) संत आसाराम नगर थाना बागसेवनिया में रहते थे। सिविल इंजीनियर होने के नाते वह कांट्रेक्टर और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। तीन जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे वह कार लेकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे थे। उनका मोबाइल फोन भी स्विचऑफ हो गया था। काफी तलाश के बाद भी जब कपिल का कुछ पता नहीं चला तो पत्नी ऋचा शर्मा ने अगले दिन बागसेवनिया थाने जाकर उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस को प्रारंभिक जांच में कपिल की आखिरी लोकेशन उसी दिन रात करीब नौ बजे रायसेन रोड स्थित पटेल नगर के आसपास मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाश की, लेकिन कपिल का कुछ पता नहीं चल पाया था।
ये भी पढ़ें:
बच्चों की जान बचाएगा ये खास अभियान, घर-घर जाकर होगी जांच, लाखों होंगे लाभान्वित
रविवार की शाम कार से बरामद हुआ था शव
सूखीसेवनिया थानांतर्गत ग्राम पिपलिया जाहिर पीर स्थित प्रेमजी यूनिवर्सिटी के पास अंदर की तरफ बीजासेन फार्म हाउस के नाम से प्लॉट काटे जा रहे हैं। इस इलाके में कपिल का आना-जाना था। रविवार की शाम को इलाके में चौकीदार ने रोड पर खड़ी कार के पास जाकर देखा तो अंदर युवक का शव पड़ा दिखा। इसकी सूचना उसने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव की पहचान कपिल शर्मा के रूप में हुई।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हुआ हत्या का खुलासा
शव करीब तीन दिन पुराना होने के कारण बुरी तरह से सड़ गया था। एफएसएल टीम को जांच के दौरान शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले थे, इसलिए अनुमान लगाया जा रहा था कि कपिल की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई होगी। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पता चला कि कपिल की गला रेतकर हत्या की गई थी। यह खुलासा होने के बाद पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें:
डैम देखने गए तीन दोस्त पानी में डूबे, दो के शव मिले, एक बच्चे की तलाश जारी; बारिश से चार पुल डूबे
हर एंगल पर बारीकी से चल रही जांच
पुलिस ने बताया कि इस मामले में हर एंगल पर बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि हत्या का कारण और आरोपियों का पता चल सके। पुलिस टीम ने प्रॉपर्टी डीलर से व्यावसायिक संपर्क रखने वाले लोगों के साथ ही उनसे मिलने-जुलने और दोस्तों से पूछताछ शुरू कर दी है।