फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भोपाल में एक्शन: अपने ही थाना क्षेत्र में पुलिस कमिश्नर के जनसंवाद से नदारद रहे टीआई, डीसीपी ने किया निलंबित

Sun, 15 Nov 2026 09:22 AM IST
भोपाल ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

सार

भोपाल में पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के चूनाभट्टी थाना क्षेत्र में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम से अनुपस्थित रहने पर थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र मौर्य को निलंबित कर दिया गया। विशेष अभियानों में थाने का कमजोर प्रदर्शन भी कार्रवाई की वजह बना।

 

विज्ञापन
पुलिस कमिश्नर के निर्देशों की अनदेखी पड़ी भारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी में पुलिस महकमे के भीतर अनुशासन और जवाबदेही को लेकर सख्ती बरती जा रही है। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार आम लोगों की समस्याएं सुनने और पुलिस की कार्यप्रणाली का फीडबैक लेने चूनाभट्टी थाना क्षेत्र में जनसंवाद कार्यक्रम करने पहुंचे थे। हालांकि, जिस थाना क्षेत्र में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था, उसी थाने के प्रभारी गैरमौजूद रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए चूनाभट्टी थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र मौर्य को निलंबित कर दिया। विशेष अभियानों में कमजोर प्रदर्शन भी इस कार्रवाई की वजह बना।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात पुलिस कमिश्नर संजय कुमार चूनाभट्टी थाना क्षेत्र में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद करना, उनकी समस्याएं सुनना और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना था। थाना प्रभारी को भी कार्यक्रम में शामिल होने की सूचना दी गई थी, लेकिन निरीक्षक धर्मेंद्र मौर्य वहां मौजूद नहीं रहे। पुलिस कमिश्नर के कार्यक्रम में थाना प्रभारी की गैरमौजूदगी को अधिकारियों ने वरिष्ठ स्तर के निर्देशों की अनदेखी और लापरवाही माना। इसके बाद शनिवार रात उनके निलंबन के आदेश जारी कर दिए गए।

विशेष अभियानों में भी प्रदर्शन संतोषजनक नहीं

विज्ञापन

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, धर्मेंद्र मौर्य के खिलाफ कार्रवाई की वजह केवल जनसंवाद कार्यक्रम से अनुपस्थित रहना नहीं थी। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर शहर में चलाए जा रहे विशेष अभियानों में भी चूनाभट्टी थाने का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया था। इन अभियानों में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने को भी अधिकारियों ने गंभीरता से लिया।

इसके बाद डीसीपी जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला ने निरीक्षक धर्मेंद्र मौर्य के निलंबन के आदेश जारी किए। राजधानी में पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली और मैदानी सक्रियता पर वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी बढ़ाई जा रही है। जनसंवाद कार्यक्रमों के जरिए पुलिस कमिश्नर सीधे आम लोगों से फीडबैक ले रहे हैं।

ऐसे में थाना प्रभारी का अपने ही क्षेत्र में आयोजित महत्वपूर्ण कार्यक्रम से अनुपस्थित रहना अनुशासनहीनता के तौर पर देखा गया। इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में थाना प्रभारियों की जवाबदेही तय करने और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने की दिशा में सख्त संदेश माना जा रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें