भोपाल से ग्वालियर के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने अहम बदलाव किया है। पश्चिम मध्य रेल की ट्रेन संख्या 12197/12198 भोपाल-ग्वालियर-भोपाल एक्सप्रेस का एक रेक अब आधुनिक एलएचबी कोच से संचालित होगा। यह बदलाव 25 अगस्त 2026 से लागू किया जाएगा। इससे यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक आरामदायक और आधुनिक कोच की सुविधा मिलेगी। फिलहाल इस ट्रेन के कुल तीन रेक संचालित किए जा रहे हैं। इनमें से एक रेक को आईसीएफ कोच से बदलकर एलएचबी कोच में परिवर्तित किया जा रहा है। अभी इस रेक में 21 आईसीएफ कोच हैं, जबकि बदलाव के बाद इसमें 18 एलएचबी कोच होंगे। बाकी दो रेक फिलहाल पहले की तरह 21 आईसीएफ कोच के साथ ही चलते रहेंगे।
एक रेक में 18 कोच, 12 सामान्य श्रेणी के
नए एलएचबी रेक की संरचना यात्रियों की जरूरत को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इसमें 12 सामान्य श्रेणी, 3 स्लीपर श्रेणी, 1 थर्ड एसी, 1 एलएसआरडी और 1 जनरेटर कार शामिल होगी। यानी एक रेक में कुल 18 कोच रहेंगे।
एलएचबी कोच से बढ़ेगी यात्रा की सुविधा
एलएचबी कोच आधुनिक डिजाइन और बेहतर यात्री सुविधाओं के लिए जाने जाते हैं। रेलवे की ओर से इस बदलाव का उद्देश्य यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और आधुनिक रेल यात्रा उपलब्ध कराना है। भोपाल-ग्वालियर मार्ग पर नियमित सफर करने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
दो रेक में फिलहाल कोई बदलाव नहीं
भोपाल-ग्वालियर एक्सप्रेस के तीन रेक में से केवल एक को एलएचबी में बदला जा रहा है। शेष दो रेक 21 आईसीएफ कोच की मौजूदा संरचना में ही संचालित होते रहेंगे। इसलिए सभी फेरों में एलएचबी कोच की व्यवस्था एक साथ लागू नहीं होगी।
यह भी पढ़ें-राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान: क्लासरूम से जापान तक पहुंचा भोपाल की शिक्षिका का प्रयोग, 5 हजार पेड़ों पर क्यूआर कोड
25 अगस्त से लागू होगी नई व्यवस्था
ट्रेन संख्या 12197 भोपाल-ग्वालियर एक्सप्रेस और 12198 ग्वालियर-भोपाल एक्सप्रेस के एक रेक में यह बदलाव 25 अगस्त से प्रभावी होगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन कोच संरचना और संचालन संबंधी जानकारी अधिकृत यात्री सूचना माध्यमों से जांचने की अपील की है।