Bhopal Crime News: भोपाल में एक महिला का वीडियो कॉल पर अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर उसे ब्लैकमेल किया गया। आरोपी महिला पर अकेले मिलने का दबाव डालता रहा, उसके मना करने पर उसने वीडियो व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
राजधानी भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र में एक महिला का वीडियो कॉल पर बात करते समय अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और अकेले मिलने के लिए दबाव डालने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने जब आरोपी युवक से अकेले मिलने से इंकार किया तो उसने महिला के परिचितों वाले व्हाट्सएप ग्रुप में उसका अश्लील वीडियो वायरल कर दिया। महिला की शिकायत पर मिसरोद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
मिसरोद पुलिस के अनुसार, 27 वर्षीय महिला थाना क्षेत्र में रहती है और बंगलों में काम करती है। करीब चार माह पहले उसके एक पुराने परिचित ने उसे वीडियो कॉल किया। उस समय महिला नहाकर कपड़े बदल रही थी। बार-बार फोन बजने के कारण महिला के बच्चों ने वीडियो कॉल रिसीव कर फोन मां को पकड़ा दिया। महिला जब तक समझ पाती कि सामने वाला कौन है और क्यों बार-बार कॉल कर रहा है, तब तक शातिर युवक ने वीडियो कॉल की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर महिला का अश्लील वीडियो सेव कर लिया।
वीडियो डिलीट करने के लिए अकेले मिलने का बुलाया
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी से वह करीब पांच साल पहले एक बंगले में काम करते समय मिली थी, लेकिन उसे पूरी तरह नहीं जानती थी। आरोपी अपने मोबाइल से अश्लील वीडियो डिलीट करने के बहाने उसे बार-बार फोन कर अकेले मिलने के लिए बुला रहा था। महिला ने करीब चार महीने तक आरोपी को समझाने की कोशिश की कि वह अकेले मिलने नहीं आ सकती। ऐसा किया तो उसकी पारिवारिक जिंदगी तबाह हो जाएगी।
परिवार के व्हाट्सएप ग्रुप में भेजा अश्लील वीडियो
महिला ने मिलने से इंकार किया तो आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो परिवार के एक व्हाट्सएप ग्रुप में भेज दिया। महिला को जब परिचितों और रिश्तेदारों से वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली, तब वह मिसरोद थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। अब पुलिस आरोपी की तलाश मोबाइल नंबर के आधार पर कर रही है।