मध्य प्रदेश में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे 5017 चयनित अभ्यर्थियों को आखिरकार नियुक्ति मिल गई है। स्कूल शिक्षा विभाग ने माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षक भर्ती के तहत चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। संभागीय संयुक्त संचालकों के माध्यम से नियुक्ति पत्र जारी किए गए, जिससे नए शिक्षक मौजूदा शैक्षणिक सत्र से ही विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे सकेंगे।
4067 माध्यमिक और 950 प्राथमिक शिक्षकों की नियुक्ति
जारी आदेशों के अनुसार कुल 5017 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। इनमें 4067 माध्यमिक शिक्षक और 950 प्राथमिक शिक्षक शामिल हैं। माध्यमिक शिक्षक के रूप में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, संस्कृत, सामाजिक विज्ञान, खेल तथा गायन-वादन विषयों के लिए नियुक्तियां हुई हैं। वहीं प्राथमिक स्तर पर खेल, नृत्य और गायन-वादन विषयों के शिक्षकों को पदस्थ किया गया है।
भर्ती पूरी होने में लगे दो साल
ये सभी अभ्यर्थी शिक्षक चयन परीक्षा-2024 के माध्यम से चयनित हुए थे। परीक्षा परिणाम आने के बाद नियुक्ति प्रक्रिया लंबी खिंचने से अभ्यर्थियों में नाराजगी थी। कई बार उन्होंने नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किए। इसके बाद विभाग ने विद्यालय विकल्प भरने की प्रक्रिया पूरी कराई, जिसकी अंतिम तिथि 21 जून तय की गई थी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए।
नए सत्र में मिलेगी शिक्षकों की उपलब्धता
लोक शिक्षण संचालनालय ने नए शैक्षणिक सत्र में स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के उद्देश्य से नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाई। विभागीय स्तर पर लंबित प्रक्रियाओं का निराकरण करने के बाद संभागीय संयुक्त संचालकों को समय पर नियुक्ति पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें- पार्टी विरोधी बयान देने वाले नेताओं पर एक्शन शुरू, जिलाध्यक्ष तैयार करेंगे सूची
शिक्षा मंत्री ने दी शुभकामनाएं
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने नव-नियुक्त शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनसे प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नए शिक्षक विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।