भारत-पाकिस्तान के तनाव के बीच एयरपोर्ट के बाद अब भोपाल के रेलवे स्टेशनों पर भी अतिरिक्त सुरक्षा बरती जा रही है। इधर भोपाल रेलवे स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चार शातिर आरोपियों को संदिग्ध गतिविधियों के चलते गिरफ्तार किया है। ये आरोपी प्लेटफॉर्म क्रमांक 2/3 पर चोरी की नीयत से संदिग्ध अवस्था में घूमते पाए गए। पूछताछ के दौरान इनके पास से यात्रियों से चुराए गए 4185 की नकदी भी बरामद हुई।
सभी रेलवे स्टेशन पर पुलिस तैनात
भोपाल के सभी रेलवे स्टेशनों पर पुलिस तैनात है। डॉग स्क्वाड, बॉम्ब स्क्वाड टीम और जीआरपी-आरपीएफ संयुक्त चेकिंग अभियान चला रही है। साथ ही सभी प्लेटफार्म और बाहरी इलाकों सख्त चेकिंग की जा रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ भी की जा रही है। ताकि कोई भी अप्रिय घटना से बचा सके। इसके अलावा शहर को 7 जोन में बांटा गया है।हर जोन में एसडीएम के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया है।
चोरी करने के इरादे से स्टेशन में घूम रहे थे बदमाश
आरपीएफ की यह कार्रवाई 9 मई की शाम करीब 7:15 बजे की गई। इन सभी के पास न तो कोई यात्रा टिकट था और न ही रेलवे स्टेशन पर मौजूद होने का कोई वैध कारण। तलाशी के दौरान मिली नकदी से स्पष्ट हुआ कि ये यात्री सामान चोरी करने की मंशा से परिसर में घूम रहे थे। हालांकि मौके पर कोई शिकायतकर्ता उपस्थित नहीं था, फिर भी आरपीएफ ने इनकी संदिग्ध गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए रेल अधिनियम की धाराओं 137 (बिना टिकट यात्रा), 145 (अनुशासनहीनता) एवं 146 (रेलवे कर्मचारी के आदेश की अवहेलना) के अंतर्गत मामला दर्ज कर चारों को न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
यह भी पढ़ें-भारत पाकिस्तान तनाव के बीच भोपाल के एम्स को अलर्ट मोड पर रखा, सभी चिकित्सकों की छुट्टी निरस्त
राजगढ़ और सीहोर से आए थे पकड़े गए बदमाश
1- लखन मोगिया (22), ग्राम मुगल खेड़ी, थाना कुरावर, जिला राजगढ़
2- रामबाबू मोगिया (29), ग्राम बदनपुर, थाना सहारनपुर, जिला राजगढ़
3- मिथुन सिंह मोगिया (25), ग्राम मुगल खेड़ी, थाना पटना, जिला राजगढ़
4- जितेंद्र सिंह मोगिया (25), ग्राम श्यामपुर, जिला सीहोर
यह भी पढ़ें-भारत-पाक तनाव के बीच भोपाल को मिलेगी नई सिविल डिफेंस योजना, नगर निगम फायर सेफ्टी के लिए खरीदेगा ड्रोन
आरोपियों को 30 दिन के लिए भेजा जेल
न्यायालय ने इस मामले में त्वरित सुनवाई करते हुए चारों आरोपियों को 30 दिन की जेल एवं 2800 के आर्थिक दंड की सजा सुनाई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि रेल यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भोपाल मंडल द्वारा स्टेशन परिसर में इस प्रकार की असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।