स्ड़क हादसे में दो छात्रों की मौत।
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल के गांधी नगर इलाके में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब साढ़े तीन बजे एक तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दोनों एमबीबीएस छात्रों की मौत हो गई। घटना के समय दोनों छात्र ढाबे से खाना खाने के बाद हॉस्टल से लौट रहे थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसा इतना भयानक था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों छात्रों का आधा-आधा शरीर बुरी तरह से जख्मी हो गया था।
पुलिस के मुताबिक समर्थ पाटीदार (24) मूलतः बड़वानी और रोमिल शाक्य (24) ग्वालियर का रहने वाला था। दोनों गांधी नगर स्थित महावीर मेडिकल कॉलेज में फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रहे थे। समर्थ के पिता खेती किसानी करते हैं, जबकि रोमिल के पिता नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण में इंजीनियर हैं। समर्थ कॉलेज के हॉस्टल में रहता था, जबकि रोमिल द्वारिकाधाम कॉलोनी में किराए से रहता था। सोमवार देर रात समर्थ और रोमिल अपनी यामाहा आर-15 स्पोर्ट्स बाइक पर सवार होकर खाना खाने के लिए निकले थे। देर रात दोनों ने चौकसे ढाबे पर खाना खाया और घर के लिए रवाना हो गए। उनसे कुछ देर पहले तीसरा दोस्त विशाल तिवारी वहां से जा चुका था।
डिवाइडर से टकराई बाइक
खाना खाने के बाद दोनों दोस्त बाइक पर सवार होकर एयरपोर्ट रोड से एयरोसिटी की तरफ जाने वाली सड़क पर पहुंचे। एयरोसिटी रोड पर देर रात करीब साढ़े तीन बजे वह डेढ़ किलोमीटर आगे पहुंचे, तभी उनकी बाइक डिवाइडर पर लगे कनेर के पेड़ से टकराकर बेकाबू होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कुछ देर बाद वहां से निकल रहे दूसरे छात्रों की नजर पड़ी तो उन्होंने विशाल को सूचना दी, जिसके बाद विशाल अपने दोस्तों को लेकर मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक दोनों छात्रों की मौत हो चुकी थी।
बुरी तरह घायल हो गए छात्र
हादसे के समय बाइक की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों छात्र उछलकर अलग-अलग दिशाओं में काफी दूर जाकर गिरे थे। एक छात्र के शरीर का बायां हिस्सा और दूसरे छात्र के शरीर का दायां हिस्सा बुरी तरह से छिल गया था। बाइक के भी परखच्चे उड़ गए थे, जबकि पेड़ भी टूट गया था। पुलिस ने बताया कि इस इलाके में कॉलेज के छात्र रातभर बाइकों से घूमते रहते हैं। पुलिस उन्हें समझाइश देती रहती है, लेकिन रात में उनका घूमना बंद नहीं हो रहा।