नेशनल हेराल्ड मामले में हुई कार्रवाई को लेकर देश भर में कांग्रेस पार्टी लगातार विरोध कर रही है। मध्य प्रदेश के सभी बड़े नेता विरोध दर्ज कर रहे हैं। बुधवार को पीसीसी चीफ जीतू पटवारी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ भोपाल में प्रवर्तन निदेशालय के दफ्तर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में जीतू पटवारी पिंजरे में प्रतीकात्मक तोता लेकर पहुंचे। कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस अफसरों ने BSNL मुख्यालय का मेन गेट बंद कर दिया। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पर चढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को ईडी ऑफिस तक नहीं जाने दिया तो कांग्रेस के कार्यकर्ता तपती धूप में सड़क पर ही लेटकर नारेबाजी करने लगे।
ईडी जैसी संवैधानिक संस्थाओं के जरिए विपक्ष को कर रहे परेशान
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं के खिलाफ चार्ज शीट पेश किए जाने का विरोध करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पीसीसी चीफ पटवारी प्रवर्तन निदेशालय की दफ्तर पर पिंजरे में प्रतीकात्मक तोता लेकर पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने बीएसएनल ऑफिस के बाहर पुलिस अफसर को ज्ञापन के साथ ही पिंजरे में रखा तोता भी भेंट किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था मोदी सरकार सीबीआई और ईडी जैसी संवैधानिक संस्थाओं के जरिए विपक्ष को परेशान कर रही है। केंद्र सरकार ने तोते की तरह ED को अपने कैद में कर रखा है।
यह भी पढ़ें-नेशनल हेराल्ड मामले में ED के एक्शन पर MP में कांग्रेस का आज प्रदर्शन, पटवारी-कमलनाथ ने सरकार को घेरा
कांग्रेसियों ने की बैरिकेड पर चढ़ने की कोशिश
भोपाल में अरेरा हिल्स पर बीएसएनएल ऑफिस परिसर में ही प्रवर्तन निदेशालय का क्षेत्रीय कार्यालय है। कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस अफसरों ने बीएसएनएल मुख्यालय का मेन गेट बंद कर दिया। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं सोनू तोमर, राहुल राठौर ने बैरिकेड पर चढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में आज से बढ़ेगी गर्मी, कुछ क्षेत्रों में लू चलने के आसार, 3 दिन तक रहेगा असर
सड़क पर लेटे कार्यकर्ता
पुलिस ने जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ईडी ऑफिस तक नहीं जाने दिया तो प्रदर्शनकारी तपती धूप में सड़क पर ही लेटकर नारेबाजी करने लगे। बीएसएनएल ऑफिस के बाहर लगा ईडी ऑफिस का बोर्ड पुलिस ने कांग्रेसियों के पहुंचने के पहले ही ढंक दिया। जब कांग्रेस के कार्यकर्ता बीएसएनएल ऑफिस के बाहर पहुंचे तो युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र सिंह यादव, सोनू तोमर ने ईडी ऑफिस के बोर्ड से बैनर हटाने की कोशिश भी की लेकिन पुलिस ने उन्हें जाने नहीं दिया । इस दौरान थोड़ी बहुत धक्का मुक्की भी हुई
मनी लॉन्ड्रिंग केस में मंगलवार चार्जशीट दाखिल हुई थी
गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस के अखबार नेशनल हेराल्ड और एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में मंगलवार को पहली चार्जशीट दाखिल की है। इस चार्जशीट में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, सैम पित्रोदा और सुमन दुबे के नाम शामिल हैं। ईडी की इस कार्रवाई के खिलाफ आज भोपाल सहित प्रदेशभर के सभी जिला मुख्यालय पर कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है। इस मामले की सुनवाई 25 अप्रैल को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में होगी। कोर्ट ने ईडी से मामले की केस डायरी भी मांगी है। 2012 में भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने सोनिया, राहुल और उनकी सहयोगी कंपनियों से जुड़े लोगों के खिलाफ इस मामले की शिकायत की थी।