राजधानी भोपाल में कांग्रेस पार्टी का छात्र संगठन एनएसयूआई ने मंगलवार को 54वां स्थापना दिवस प्रदेश के सभी जिला इकाइयों में हर्षोउल्लास के साथ मनाया। इस दौरान छात्र संगठन ने कांग्रेस पार्टी को मध्यप्रदेश में मजबूत करने छात्रों को शपथ भी दिलाई। एनएसयूआई के स्थापना दिवस पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय शिवाजी नगर में झण्डावंदन किया गया।
एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने पदाधिकारियों एवं जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चूनाव हो रहे हैं और हम युवाओं एवं नये मतदाताओं के बीच जाकर कांग्रेस पार्टी के विचारधारा से अवगत करा रहे हैं। आज देश में जो हालात हैं, तमाम युवाओं को किस प्रकार से देश बचाने, लोकतंत्र को जिन्दा रखने के लिए नये मतदाताओं से अपील करेंगे कि चुनाव में वो वोट जरूर करें।
इंदिरा जी ने छात्रों को दिलाया था लोकतांत्रिक अधिकार
चौकसे ने संगठन के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि छात्रों की सशक्त पैरवी करने की दृष्टि से देश की पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनेत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने आज ही के दिन नौ अप्रैल 1970 को छात्रों को लोकतांत्रिक अधिकार दिये जाने हेतु छात्रों का पूर्ण और राजनैतिक संगठन ’’एन.एस.यू.आई.’’ का गठन किया गया था। चौकसे ने प्रदेश कार्यालय में छात्र-छात्राओं को शपथ दिलाई एवं संगठन के पदाधिकारियों से समर्पण भाव से कार्य कर कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए बेहतर कार्य करने की अपील की।
बेरोजगारी एक बहुत बड़ा दंश
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने स्थापना दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि हमारे जीवन में बेरोजगारी एक बहुत बड़ा दंश है और हम सभी को इसके खिलाफ लड़ाई लड़ना है और शिक्षा के व्यवसायीकरण को हमें रोकना है। मप्र कांग्रेस सेवादल के ध्वज प्रभारी मुईनउद्दीन सिद्दीकी ने छात्रों को इण्डावंदन के पूर्व वंदेमातरम एवं राष्ट्रगाण कैसे लय के साथ गाते हैं और ध्वज की महत्ता के बारे में छात्रों को विस्तार से बताया। स्थापना दिवस के अवसर पर मप्र. कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी, अभिनव बरोलिया, एनएसयूआई भोपाल के अक्षय तोमर, आदित्य सोनी, विकास ठाकुर, देव अवस्थी, प्रतीक यादव, गगन सिंह, योगेश सोनी, प्रिंस जोशी, अनिमेश गोड़ली आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।