राजधानी भोपाल के टीला जमालपुरा इलाके में एक बदमाश ने युवक पर शराब के लिए अड़ीबाजी की और रुपये नहीं देने पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक इलाके में रहने वाला मोहम्मद दानिश जनरेटर सुधारने का काम करता है। सोमवार की रात दानिश अपने दोस्त से मिलने के लिए हरिजन बस्ती टीला जमालपुरा पहुंचा था। रात करीब साढ़े सात बजे वह चाय की दुकान पर दोस्त का इंतजार कर रहा था। इस दौरान इलाके में रहने वाला अन्नी उर्फ अनीस उसके पास पहुंचा। वह दानिश के साथ गाली-गलौज करते हुए शराब के लिए पैसे देने की मांग करने लगा।
दानिश ने उसे गाली देने से मना करते हुए कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं। इसके बाद बदमाश अनीस ने एक छोटा चाकू निकाला और उसके गाल पर मार दिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट भी की, जिससे दानिश गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद धमकी देते हुए अनीस वहां से भाग निकला। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।