राजधानी भोपाल में धनतेरस और दीपावली से पहले बाजारों में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रमुख बाजारों में सफाई, ट्रैफिक कंट्रोल, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा तैनाती पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि त्योहारी खरीदारी के दौरान लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।
प्रमुख बाजारों में तैनात रहेंगे पुलिस बल
भोपाल के सराफा बाजार, न्यू मार्केट, चौक बाजार, बिट्टन मार्केट, बैरागढ़ और इब्राहिमपुरा जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में धनतेरस से एक दिन पहले ही अतिरिक्त पुलिस बल और नगर निगम के कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। नगर निगम के जोनल अधिकारियों ने बताया कि सफाई, स्ट्रीट लाइट और अस्थायी शौचालय जैसी व्यवस्थाएं पूर्ण कर दी गई हैं। वहीं पुलिस कंट्रोल रूम से CCTV निगरानी भी शुरू कर दी गई है।
सफाई और स्वच्छता पर विशेष ध्यान
धनतेरस और दीपावली पर भोपाल नगर निगम द्वारा रात में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सभी बाजारों में कचरा निस्तारण के लिए मोबाइल डस्टबिन वैन, ड्राई वेस्ट कलेक्शन पॉइंट और टेम्परेरी टॉयलेट यूनिट्स लगाए गए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित सफाई टीम, वॉटर स्प्रे मशीन और कचरा वाहन स्टैंडबाय पर रहेंगे। त्योहार के दौरान किसी तरह की गंदगी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धनतेरस को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह मॉनिटर किया जा रहा है। सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है। साथ ही विशेष महिला पुलिस दल भी तैनात रहेगा।
यह भी पढ़ें-
प्रदेश में रातें हुईं सर्द, दक्षिणी हिस्से के 9 जिलों में आज बादल छाने और हल्की बारिश का अनुमान
ग्राहकों से अपील
- भीड़ से बचने के लिए समय से पहले खरीदारी करें।
- सार्वजनिक स्थलों पर मास्क पहनें और साफ-सफाई बनाए रखें।
- पार्किंग और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।
यह भी पढ़ें-
सीएम आवास पर कल किसान सम्मेलन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के किसान होंगे शामिल
धनतेरस को लेकर बाजारों में दिखने लगा उल्लास
बाजारों में दुकानों को सजा दिया गया है, लाइटिंग, गेट डेकोरेशन और रेड कारपेट वेलकम जैसी व्यवस्थाएं लोगों को आकर्षित कर रही हैं। ग्राहक भी सजगता के साथ खरीदारी का आनंद ले रहे हैं। धनतेरस पर सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और वाहन की बिक्री में रिकॉर्ड बनने की उम्मीद है।