मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जुलाई 2026 सत्र की विभिन्न परीक्षाओं के परिणाम जारी कर दिए हैं। रुक जाना नहीं योजना में 10वीं का परिणाम 59.89 प्रतिशत और 12वीं का 52.44 प्रतिशत रहा। प्रदेशभर के 98,410 विद्यार्थियों ने इन परीक्षाओं में भाग लिया।
मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जुलाई 2026 सत्र की विभिन्न परीक्षाओं के परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए। सबसे अधिक प्रतीक्षित रुक जाना नहीं योजना के तहत कक्षा 10वीं में 59.89 प्रतिशत और कक्षा 12वीं में 52.44 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल रहे। इसके साथ ही हजारों विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम का इंतजार भी खत्म हो गया।
विज्ञापन
करीब एक लाख विद्यार्थियों ने दी थी परीक्षा
बोर्ड के अनुसार 3 से 17 जुलाई के बीच रुक जाना नहीं, आ लौट चलें, ओपन स्कूल (परंपरागत) आईटीआई 12वीं, सीबीएसई ऑन डिमांड कक्षा 12वीं तथा कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं आयोजित की गई थीं। इन सभी परीक्षाओं में प्रदेशभर से 98,410 परीक्षार्थी शामिल हुए थे।
फेल विद्यार्थियों को मिला दूसरा मौका
रुक जाना नहीं योजना उन विद्यार्थियों के लिए संचालित की जाती है जो नियमित बोर्ड परीक्षा में सफल नहीं हो पाते। इस योजना के जरिए उन्हें उसी शैक्षणिक सत्र में दोबारा परीक्षा देकर अपनी पढ़ाई जारी रखने का अवसर मिलता है। इस बार भी हजारों विद्यार्थियों ने इस अवसर का लाभ उठाया।
ऑनलाइन उपलब्ध है रिजल्ट
बोर्ड ने सभी परीक्षाओं के परिणाम ऑनलाइन जारी कर दिए हैं। विद्यार्थी मध्यप्रदेश शासन के पोर्टल, एमपी ई-सेवा और एमपी ई-सर्विसेज के माध्यम से अपना परिणाम देख और डाउनलोड कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए बोर्ड के कंट्रोल रूम से कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है।