भाजपा के वरिष्ठ व कद्दावर नेता सरताज सिंह का आज निधन हो गया है। वे 83 वर्ष के थे। भोपाल निवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से बीमार बताए जा रहे थे। भाजपा के संगठन मंत्री हितानंद शर्मा ने उनके निधन की जानकारी ट्वीट कर दी। पारिवारिक मित्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सरताज सिंह का अंतिम संस्कार शुक्रवार को इटारसी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
2018 के चुनाव में अपनी परंपरागत सीट सिवनी मालवा से टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर वे भाजपा छोड़ कांग्रेस में चले गए थे। यहां कांग्रेस ने उन्हें पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और होशंगाबाद विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा के खिलाफ लड़ाया था लेकिन वह चुनाव हार गए थे। सरताज सिंह ने दिसंबर 2020 मे भाजपा में घरवापसी कर ली थी। भोपाल के दशहरा मैदान में आयोजित बीजेपी के किसान सम्मेलन में वो दोबारा भाजपा मे शामिल हो गए थे।
ऐसा रहा राजनीतिक करियर
सरताज सिंह भाजपा से 5 बार सांसद, 2 बार विधायक रह चुके हैं। वे केंद्र में एक बार स्वास्थ्य मंत्री तथा प्रदेश में वन व लोक निर्माण मंत्री रह चुके हैं। होशंगाबाद संसदीय क्षेत्र से 1989 से 1996 तक की अवधि में तीन लोकसभा चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी रामेश्वर नीखरा को लगातार 1998 में लोक सभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अर्जुन सिंह को हराया। 1999 में लोक सभा चुनाव नहीं लड़ा।