लाडली बहना योजना को लेकर मध्य प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के बयान ने विवाद खड़ा हो गया है। शनिवार को भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मंत्री का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री करण सिंह वर्मा के पुतले पर चूड़ियों का हार पहनाया और उनके मुरादाबाद से जुड़े पोस्टर भी लगाए। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के जरिए मंत्री के बयान को महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताया।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेता मुजाहिद सिद्दीकी ने साफ कहा कि अगर मंत्री पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी। जरूरत पड़ी तो मंत्री के बंगले का घेराव भी किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजधानी भोपाल में हुए इस प्रदर्शन के बाद साफ है कि लाडली बहना योजना को लेकर सियासी संग्राम अभी और तेज होने वाला है।
क्या है पूरा मामला
सीहोर जिले में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मंत्री करण सिंह वर्मा ने मंच से कहा था कि जिन लाडली बहनों ने कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया, उनके नाम योजना से काटे जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि लाडली बहनों को हर महीने 1500 रुपए दिए जा रहे हैं, अब एक दिन सबको बुलाएंगे। जो नहीं आएंगी, उनके नाम काट दिए जाएंगे। इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
यह भी पढ़ें
-भोपाल में Ola-Uber-Rapido ठप, 2 घंटे की हड़ताल से जताया विरोध, ड्राइवरों ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस का हमला
कांग्रेस ने बयान को लाडली बहनों के लिए धमकी और अपमान करार दिया। पार्टी नेताओं का कहना है कि योजना के नाम पर महिलाओं पर दबाव बनाना अस्वीकार्य है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में मंत्री लगातार महिलाओं को लेकर विवादित बयान दे रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती।
यह भी पढ़ें-
मध्य प्रदेश में एक बार फिर बढ़ी ठंड, प्रदेश के 11 शहरों का तापमान 10 डिग्री से नीचे लुढ़का
माफी के बाद भी नहीं थमा विरोध
मामला बढ़ता देख मंत्री करण सिंह वर्मा ने बयान पर माफी मांगते हुए कहा कि उनकी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया और उनकी ऐसी कोई मंशा नहीं थी। बावजूद इसके कांग्रेस का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा।