भोपाल। कलेक्टर आशीष सिंह के साथ गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय में टिंबर मर्चेंट एसोसिएशन और आरा मशीन संचालकों की बैठक आयोजित हुई। इसमें भोपाल की सभी आरा मशीन और टिंबर मर्चेंट को रातीबड़ में शिफ्ट करने का फैसला किया गया। बैठक के बाद कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि सभी आरा मशीन संचालकों द्वारा सहमति देने के बाद वहां पर आधारभूत संरचना बनाने के लिए जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों को बोला गया है। उपरोक्त जमीन के संबंध में सभी जानकारी एकत्रित कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में आरा मशीन संचालकों ने परवलिया सड़क स्थित रातीबड़ में शिफ्ट होने की सहमति हो चुकी है। सहमति होने के साथ ही शहर के सभी एसडीएम क्षेत्र में संचालित आरा मशीनों को वहां पर शिफ्ट करने की कार्रवाई शुरू होगी।
कलेक्टर आशीष सिंह ने एसडीएम जमील खान और श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि आवश्यक कार्रवाई जल्दी पूर्ण की जाए और जमीन के संबंध में सबंधित सभी दस्तावेज की कार्यवाही जल्दी पूर्ण करें। चिन्हित जमीन आवंटन के साथ ही उद्योग विभाग के अधिकारी सभी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सड़क, बिजली, पानी के काम शुरू करेंगे। बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारी और आरा मशीन संचालक, टिंबर मर्चेंट एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।