राजधानी के बागसेवनिया इलाके में रहने वाली एक स्कूली छात्रा ने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उसके पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया है। परिजनों के बयान के बाद ही खुदकुशी के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
जानकारी के अनुसार स्वार्थी पूर्विया पुत्र विक्की पूर्विया (14) सोलह एकड़ बस्ती, कंजर मोहल्ला बागमुंगालिया में परिवार के साथ रहती थी और छठवीं कक्षा में पढ़ती थी। उसके दादा-दादी और चाचा-चाची भी आसपास ही रहते हैं। स्वार्थी के माता-पिता मजदूरी करते हैं। पिछले दिनों वह मजदूरी करने के लिए राजगढ़ ब्यावरा चले गए थे, जिसके बाद से स्वार्थी घर पर अकेली थी। वह दिन में अपने घर पर रहती थी और रात को चाचा-चादी के घर चली गई थी।
ये भी पढ़ें- जगदगुरु राघवाचार्य के विरुद्ध परिवाद पर नये सिरे से होगी सुनवाई, जेएमएफसी का आदेश निरस्त
शुक्रवार दोपहर के समय बिजली विभाग के कर्मचारी ने मीटर की रीडिंग लेने के बाद बिजली का बिल देने के लिए आवाज लगाई तो भीतर से कोई नहीं निकला। उसके बाद कर्मचारी ने वह बिल पास खड़ी बच्ची को दे दिया और बोला कि अंदर जाकर दे देना। बच्ची कमरे के भीतर पहुंची तो स्वार्थी फंदे पर लटकी दिखी। परिजनों को पता चला तो उसे फंदे से उतारकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया। कमरे की तलाशी में फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि घरवालों के बयान के बाद ही फंदा लगाने के कारणों का खुलासा हो पाएगा।